PTI भर्ती परीक्षा कांड: 15 हजार का इनामी ‘रणजीत’ बाड़मेर पुलिस के हत्थे चढ़ा; 2 साल से SOG को दे रहा था चकमा

बाड़मेर पुलिस ने पीटीआई (PTI) भर्ती परीक्षा मामले में पिछले 2 साल से फरार चल रहे 15 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी लगातार पुलिस की पकड़ से बच रहा था और फरारी काट रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले की सूचना एसओजी (SOG) जयपुर को दे दी है, जहाँ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

SOG के वांटेड को पकड़ने के लिए चला विशेष अभियान

बाड़मेर एसपी चूनाराम जाट ने जानकारी दी कि पुलिस मुख्यालय और जोधपुर रेंज आईजी के निर्देशानुसार वांटेड आरोपियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एएसपी नितेश आर्य के सुपरविजन में गठित डीएसटी (DST) टीम ने सक्रियता दिखाते हुए इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत केस दर्ज

यह मामला एसओजी जयपुर थाने में राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम और साजिश सहित अन्य गंभीर धाराओं में दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भभूताराम उर्फ रणजीत (पुत्र विरधाराम, निवासी लक्ष्छिये का तला, भूणिया) के रूप में हुई है। वह पिछले दो वर्षों से इस मामले में वांटेड चल रहा था।

30 मार्च 2026 को घोषित हुआ था इनाम

आरोपी की लगातार फरारी और गिरफ्तारी में आ रही दिक्कतों को देखते हुए उप महानिरीक्षक पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) जयपुर ने 30 मार्च 2026 को उस पर 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस की इस सतर्कता के बाद अब आरोपी को SOG के हवाले कर दिया गया है।

Share This Article
Leave a Comment