जयपुर का नया रोड मैप: सेक्टर सड़कों से सुगम होगा सफर; जेडीसी ने जारी की नवीन SOP, ₹650 करोड़ के प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू

जयपुर, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के ‘विकसित जयपुर’ विजन को धरातल पर उतारने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने कमर कस ली है। जयपुर विकास आयुक्त (JDC) सिद्धार्थ महाजन ने शहर के सुनियोजित विकास और अटकी हुई सेक्टर सड़कों को तेजी से पूरा करने के लिए एक नई SOP (Standard Operating Procedure) जारी की है।

इस योजना का मुख्य उद्देश्य शहर के मुख्य मार्गों से यातायात का दबाव कम करना और नई कॉलोनियों को सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करना है।

नवीन SOP: अब 15 दिन में पूरा होगा जमीन का सर्वे

जेडीसी ने निर्माण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए चरणबद्ध समय सीमा निर्धारित की है:

  1. त्वरित सर्वे: जोन उपायुक्तों को 15 दिन के भीतर सड़कों का पीटी (Physical Tenure) सर्वे पूरा करना होगा।
  2. नोटिस और सहमति: प्रभावित काश्तकारों/खातेदारों को तुरंत नोटिस जारी किए जाएंगे और आपसी सहमति के बाद फेजवार शिविर लगाकर आरक्षण पत्र दिए जाएंगे।
  3. भूमि के बदले भूमि: यदि प्रभावित किसान की जमीन सड़क में आती है, तो उसे उसी खसरे या पास की सरकारी भूमि पर योजना सृजित कर प्लॉट दिए जाएंगे।
  4. बुनियादी विकास: भूमि आवंटन के बाद अभियांत्रिकी शाखा तत्काल बिजली, सड़क और पानी जैसी सुविधाएं विकसित करेगी।

₹100 करोड़ की प्रमुख सेक्टर सड़कें (प्रगतिरत)

शहर के बाहरी और विकासशील क्षेत्रों को जोड़ने के लिए ₹100 करोड़ की लागत से इन मार्गों पर काम चल रहा है:

  • खातीपुरा रेलवे स्टेशन से द्रव्यवती नदी मार्ग।
  • दांतली रोड ओवरब्रिज (ROB) से गोनेर और रिंग रोड तक।
  • खातीपुरा से प्रहलादपुरा औद्योगिक क्षेत्र।
  • शिवदासपुरा से बाड़ापदमपुरा और महल रोड से पार्थ नगर।

₹50 करोड़ से इन क्षेत्रों में सुधरेगा यातायात

  • कालवाड़ रोड (कांटा चौराहा से बोरिंग चौराहा)।
  • सी-जोन बाईपास से बैनाड रोड और लोहामण्डी।
  • नारायण विहार से बांस-खो सर्किल और रामपुरा रोड से मोहनपुरा बालाजी।

पुरानी सड़कों का कायाकल्प: ₹500 करोड़ का बजट

सेक्टर सड़कों के अलावा, जेडीए शहर की मौजूदा लाइफलाइन सड़कों के नवीनीकरण और सुदृढ़ीकरण पर ₹500 करोड़ खर्च कर रहा है। इसमें मोती डूंगरी रोड, विद्याधर नगर, नाहरगढ़ रोड, सिरसी रोड, न्यू सांगानेर रोड, मध्यम मार्ग, शिप्रापथ और वाटिका रोड जैसे प्रमुख मार्ग शामिल हैं।

जेडीसी का निर्देश: “अधिकारी केवल फाइलें न निपटाएं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर ध्यान दें। सेक्टर सड़कों का निर्माण जयपुर के भविष्य के लिए अनिवार्य है।”

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!