जयपुर: राजधानी जयपुर की जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने एक बेहद शातिर और खूंखार अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह के तार राजस्थान के मेवात से लेकर तमिलनाडु और केरल तक फैले हुए थे। यह गिरोह पुराने सिक्कों और नोटों के नाम पर लोगों से लाखों रुपये ठगता था, और पैसे न मिलने पर पीड़ितों को बंधक बनाकर टॉर्चर करता था तथा परिजनों से फिरौती वसूलता था। पुलिस ने स्कॉर्पियो गाड़ी में बंधक बनाए गए दो युवकों को सकुशल मुक्त करा लिया है और मौके से दो महिलाओं सहित कुल 8 ठगों को गिरफ्तार कर लिया है।
फेसबुक रील और 18% GST का झांसा
पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि मुख्य आरोपी मुबारिक और उसके साथी फेसबुक पर ‘OLD INDIAN CURRENCY’ नाम से पुराने 1, 2 और 5 रुपये के नोट व सिक्कों की लुभावनी रील पोस्ट करते थे।
- पहला जाल: रील देखकर संपर्क करने वालों को झांसा दिया जाता था कि उनके पुराने नोट की कीमत 2 लाख से 20 लाख रुपये तक है।
- रजिस्ट्रेशन और GST: शुरुआत में 1,500 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस ली जाती थी। इसके बाद पैसों से भरा पार्सल भेजने का फर्जी वीडियो दिखाकर 18% GST एडवांस जमा कराने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठे जाते थे।
किडनैपिंग और क्रूरता की हदें पार
जो पीड़ित विरोध करता या पैसे देने से मना करता, उसे जयपुर बुलाकर बंधक बना लिया जाता था। नाइ की थड़ी क्षेत्र में महंगे मकानों और लग्जरी गाड़ियों में रह रहे इस गिरोह ने एक स्कॉर्पियो गाड़ी में दो युवकों के हाथ-पैरों को बांधकर बंधक बनाया हुआ था और उनके परिजनों से फिरौती मांगी जा रही थी। पुलिस ने विशेष टीम बनाकर रात में दबिश दी और बंधकों को छुड़ाया।
दक्षिण भारत के लोगों को फंसाने के लिए रखी थीं महिलाएं

गिरोह ने तमिलनाडु और केरल के लोगों को निशाना बनाने के लिए तमिल भाषा बोलने वाले युवक-युवतियों (जिनमें 2 महिलाएं शामिल हैं) को अपने साथ रखा था, जो अपनी स्थानीय भाषा में बात कर पीड़ितों का भरोसा जीतते थे।
बरामदगी और गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने आरोपियों के पास से 14 एंड्रॉइड मोबाइल, 1 एयरटेल डोंगल, 1 स्कॉर्पियो कार और हिसाब-किताब की डायरी जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- जफरुद्दीन उर्फ जफरु (30 वर्ष, खैरथल, राजस्थान)
- शिवारमन जी (48 वर्ष, तंजाउर, तमिलनाडु)
- श्रीनाथ (49 वर्ष, कन्नूर, केरल)
- मुबारिक (38 वर्ष, खैरथल, राजस्थान)
- साजिद खान (30 वर्ष, तिजारा, खैरथल)
- मो. मिशाल (21 वर्ष, रानीपेटई, तमिलनाडु)
- जयलक्ष्मी (45 वर्ष, पेरापालूर, तमिलनाडु)
- फहमिदा बानो (30 वर्ष, रानीपेटई, तमिलनाडु)
थानाधिकारी रघुवीर सिंह राठौड़ और हरिओम सिंह के नेतृत्व में इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।