तीन बाइक पर घूमते थे, मौका मिलते ही फैक्ट्री-मोबाइल पंप को बनाते निशाना; 8 से ज्यादा वारदातों का खुलासा, 3 बाइक समेत चोरी का माल बरामद
जयपुर। दिन में शहर के औद्योगिक इलाकों में घूमकर रेकी करना और रात होते ही सुनसान फैक्ट्रियों व दुकानों को निशाना बनाना… जयपुर दक्षिण पुलिस ने ऐसी ही एक शातिर चोर जोड़ी का पर्दाफाश किया है। शिवदासपुरा थाना पुलिस ने प्रहलादपुरा इंडस्ट्रियल एरिया सहित आसपास के इलाकों में लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने पूछताछ में आधे दर्जन से अधिक चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन मोटरसाइकिल सहित चोरी में इस्तेमाल और चोरी किया गया सामान बरामद किया गया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज के निर्देशन में हुई कार्रवाई की शुरुआत उस समय हुई, जब शिवदासपुरा थाने में परिवादी मनोज पाण्डेय ने रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के मुताबिक 28 अगस्त 2026 की रात प्रहलादपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में एक फैक्ट्री के ऑफिस से करीब पांच लाख रुपए कीमत का सामान चोरी हो गया था। चोरों ने सीसीटीवी कैमरों की नजर से बचते हुए वारदात को अंजाम दिया और मौके से कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
मामला सामने आते ही पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण के सुपरविजन और एसीपी सांगानेर के निर्देशन में शिवदासपुरा थाना पुलिस की टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आखिरकार दो संदिग्धों तक पहुंच गई।
चोरी की बाइक से करते थे दूसरी वारदात
शिवदासपुरा थाना प्रभारी राजेश गौतम ने बताया कि राहुल मेहवार पुत्र डालचंद मेहवार, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम गोनर, थाना शिवदासपुरा, जयपुर दक्षिण तथा करुण दुनिया पुत्र कैय्या दुनिया, उम्र 20 वर्ष, निवासी गांव बलेखोरी, थाना मुजसरन, जिला छतरा, झारखंड को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग इलाकों में घूमकर पहले निशाना तलाशते थे। इसके बाद मौका मिलते ही बाइक से पहुंचकर चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने जयपुर के औद्योगिक क्षेत्रों में कई वारदातें कीं।
लैपटॉप से लेकर चांदी और स्टील पाइप तक चोरी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोटरसाइकिल, तीन लैपटॉप, एक मॉनिटर, एक यूपीएस, एक कीबोर्ड, तांबे की केबल सहित अन्य सामान बरामद किया है। इसके अलावा तालाबवाले के ऑटो से दो नंबर प्लेट, पेचकस, पाना, कटर मशीन सहित अन्य सामान भी मिला है।
जांच में आरोपियों ने JECRC यूनिवर्सिटी से मोटरसाइकिल चोरी, टेलीकॉम कंपनी के कार्यालय के बाहर से बाइक चोरी, होंडा पेट्रोल पंप से मोबाइल व अन्य सामान चोरी करने की बात कबूली है। इसके अलावा रामचंद्रपुरा क्षेत्र में फैक्ट्रियों को निशाना बनाकर सिल्वर, स्टील पाइप, लोहे की चादर, लोहे के सरिये, सिल्वर के बर्तन, पीतल पाइप वॉल और तांबे की केबल चोरी करने की वारदातें भी सामने आई हैं।
पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राहुल मेहवार के खिलाफ पहले भी प्रताप नगर थाने में आईपीसी की धाराओं में मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी करुण दुनिया के खिलाफ सांगानेर सदर और शिवदासपुरा थाने में चोरी सहित अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं।
फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी का माल कहां खपाया जाता था और इस गिरोह में इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में चोरी की और भी वारदातों का खुलासा हो सकता है।