झुंझुनूं में बड़ा ACB ट्रैप: ग्राम विकास अधिकारी 8.50 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार

झुंझुनूं। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झुंझुनूं जिले में ग्राम विकास अधिकारी को 8.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

ACB की झुंझुनूं इकाई ने ग्राम पंचायत बेरला, पंचायत समिति सूरजगढ़ में तैनात ग्राम विकास अधिकारी राजकुमार को ट्रैप कार्रवाई के दौरान पकड़ा। आरोपी परिवादी के आवासीय भूखंड को व्यवसायिक भूखंड में बदलने और NOC जारी करने की एवज में रिश्वत मांग रहा था।

मेडिकल दुकान के लिए मांगी थी रिश्वत:-

जानकारी के अनुसार परिवादी गांव बेरला में अपने आवासीय भूखंड पर मेडिकल दुकान संचालित करता है। उसने दुकान के लिए भूमि को व्यवसायिक श्रेणी में परिवर्तित करवाने हेतु ग्राम पंचायत में आवेदन किया था। आरोप है कि ग्राम विकास अधिकारी राजकुमार ने काम करने के बदले 8.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी।

ACB ने ऐसे बिछाया जाल:-

परिवादी की शिकायत मिलने के बाद ACB ने रिश्वत मांग का गोपनीय सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांग की पुष्टि होने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार पूनियां के नेतृत्व में टीम ने ट्रैप कार्रवाई की।

आरोपी ने परिवादी को सूरजगढ़ स्थित दीपक मेडिकोज पर बुलाया, जहां ACB टीम ने उसे 8.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। रिश्वत की पूरी राशि आरोपी के कब्जे से बरामद की गई।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मामला दर्ज:-

ACB के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment