जयपुर। आदर्श नगर थाना पुलिस ने नगीना/पन्ना चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया पूरा माल बरामद कर लिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने नगीना खरीदने का झांसा देकर कारोबारी को अपने जाल में फंसाया और माल देखने के बहाने बुलाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि परिवादी अब्दुल जब्बार, उम्र 35 वर्ष, निवासी टोपखाना हुजूरी घाट, जयपुर ने 28 अगस्त को आदर्श नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी ने बताया कि वह नगीने का कारोबार करता है। 25 अगस्त को उसके मोबाइल पर एक युवक का फोन आया। युवक ने अपना नाम समीर बताया और नगीना खरीदने की जानकारी ली। फोन पर बातचीत के बाद उसने परिवादी को अंकुर सिनेमा के सामने बुलाया।
परिवादी के अनुसार आरोपी स्कूटर लेकर उसके पास पहुंचा और खुद को समीर बताया। बातचीत के दौरान उसने कहा कि नगीना खरीदना है और माल अपने बड़े भाई को दिखाना है। इसके बाद दोनों KFC के पास पहुंचे। वहां आरोपी ने परिवादी से माल दिखाने को कहा। जैसे ही परिवादी ने नगीना/पन्ना का पैकेट दिखाया, आरोपी ने मौका पाकर माल हड़प लिया और स्कूटी लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 316(2), 318(4) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। माल मुल्जिम की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम की लगातार कार्रवाई के बाद आरोपी मोहम्मद समीर पुत्र मोहम्मद शमीम, उम्र 20 वर्ष, निवासी मकान नंबर 1778, हवा महल रोड क्षेत्र, जयपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसके कब्जे से नगीना/पन्ना का संपूर्ण चोरी गया माल बरामद कर लिया। वारदात में प्रयुक्तस स्कूटी भी जब्त की गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों को आशंका है कि पूछताछ में नगीना-पन्ना चोरी की अन्य वारदातों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।
कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व पारसमल जैन के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त आदर्श नगर जितेन्द्र सिंह के निकट सुपरविजन में की गई। थाना आदर्श नगर की टीम में थाना प्रभारी छगन डांगी, रामावतार सहित कांस्टेबल धर्मसिंह, बुजमोहन और धर्मेन्द्र शामिल रहे। आरोपी को पकड़ने में कांस्टेबल धर्मेन्द्र यादव और धर्मसिंह की विशेष भूमिका रही।