64 विला खरीद मामले में घिरे IAS शिखर अग्रवाल पहुंचे सुप्रीम कोर्ट: ACB जांच और गिरफ्तारी पर रोक की मांग, सरकार ने पहले ही लगाया ‘कैविएट’ का दांव!

जयपुर: एक ही कंपनी से 64 विला-कॉटेज खरीदने के बहुचर्चित मामले में एपीओ (APO) चल रहे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल ने अब सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। शिखर अग्रवाल की ओर से शीर्ष अदालत में दायर याचिका में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जांच, गिरफ्तारी और किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की सुनवाई की तारीख तय होना बाकी है, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि इसी सप्ताह इस पर सुनवाई हो सकती है।

सरकार ने पहले ही दायर की कैविएट, पक्ष सुने बिना नहीं होगा फैसला

याचिका में शिखर अग्रवाल ने खुद को गलत तरीके से फंसाए जाने का तर्क दिया है। जानकारी के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई याचिका में भी वही तर्क शामिल किए गए हैं, जो इससे पहले राजस्थान हाईकोर्ट में पेश किए गए थे। दूसरी ओर, राजस्थान सरकार ने इस मामले में पहले से ही सतर्कता बरतते हुए सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दायर कर रखी है। इसका सीधा मतलब है कि अब सुप्रीम कोर्ट शिखर अग्रवाल की याचिका पर सुनवाई के दौरान कोई भी अंतरिम या अंतिम फैसला देने से पहले राज्य सरकार का पक्ष भी अनिवार्य रूप से सुनेगा।

हाईकोर्ट से नहीं मिली थी कोई राहत

गौरतलब है कि इससे पहले 17 नवंबर को शिखर अग्रवाल ने अपने खिलाफ चल रही एसीबी जांच को राजस्थान हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। 19 नवंबर को मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने उन्हें किसी भी प्रकार की अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया था। अदालत ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जवाब पेश करने के निर्देश दिए थे और अगली सुनवाई के लिए 18 दिसंबर की तारीख तय की थी। हाईकोर्ट से राहत न मिलने के बाद अब उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की शरण ली है।

ACB की FIR में हुआ था 64 विला की खरीद का बड़ा खुलासा

इस पूरे मामले की शुरुआत 27 अक्टूबर को हुई थी, जब यह खुलासा हुआ कि आईएएस शिखर अग्रवाल, उनकी आईपीएस पत्नी प्रशाखा माथुर, दोनों बेटों और सास-ससुर के नाम पर महज ढाई साल के भीतर एक ही कंपनी से 40 विला-कॉटेज खरीदे गए हैं। इसके बाद एसीबी ने 31 अक्टूबर को प्रारंभिक जांच (PE) दर्ज कर पड़ताल शुरू की।

जांच के दौरान एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। एसीबी की पड़ताल में पता चला कि शिखर अग्रवाल ने जयपुर के अनंता रिसॉर्ट में इसी साल 15 अक्टूबर को अपने दोनों बेटों के नाम 24 विला मात्र 11-11 लाख रुपये में खरीदे थे, जबकि कंपनी के आधिकारिक ब्रोशर में इनकी कीमत 59-59 लाख रुपये दर्ज है। इस खुलासे के बाद शिखर और उनके परिवार द्वारा खरीदे गए विला की कुल संख्या 40 से बढ़कर 64 हो गई।

रिसॉर्ट मालिकों सहित अन्य पर भी दर्ज है मामला

विदेश से लौटने के बाद एसीएस शिखर अग्रवाल ने 16 नवंबर को एसीबी के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए एक प्रतिवेदन सौंपा था। इसमें उन्होंने खुद के साथ-साथ अपनी पत्नी और अन्य परिजनों की संपत्तियों का ब्योरा दिया था, जिसमें 15 अक्टूबर को बेटों के नाम जयपुर में खरीदे गए 24 विला का भी जिक्र था। इसके बाद एसीबी ने 18 नवंबर को आईएएस शिखर अग्रवाल सहित गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड (अनंता रिसॉर्ट्स) के निदेशक मुकुंद शरण गोयल, प्रबंध निदेशक संजय गोयल और अन्य के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर जांच तेज कर दी।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment