भरतपुर: राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में भरतपुर जिले के हलैना में एसीबी की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए हलैना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के नर्सिंग ऑफिसर मुरारी लाल मीणा को 1,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोचा है।
अटेंडेंस ऑनलाइन करने की एवज में मांग थी रिश्वत
एसीबी अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी नर्सिंग ऑफिसर मुरारी लाल मीणा ने परिवादी की अटेंडेंस ऑनलाइन करने की एवज में रिश्वत की मांग की थी। परिवादी द्वारा इस बात की शिकायत एसीबी को दी गई, जिसके बाद एसीबी के डीआईजी ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में शिकायत का सत्यापन कराया गया।
सत्यापन सही पाए जाने के बाद एएसपी अमित सिंह के नेतृत्व में एसीबी की टीम ने ट्रैप की कार्रवाई करते हुए आरोपी मुरारी लाल मीणा को परिवादी से 1,000 रुपए की घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की टीम अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ कर रही है।