-फ्रंटलाइन हीरोज़ को मिला ‘बैज ऑफ ऑनर’।
-फिल्म 26/11 में मुंबई हमलों के दौरान अस्पताल में नर्सों और डॉक्टरों की असाधारण बहादुरी दिखाई गई।
जयपुर: कंगना रनौत स्टारर और बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ सिनेमाघरों में धमाकेदार रिस्पॉन्स के साथ रिलीज़ हो चुकी है। भुवनेश्वर, रायपुर, दिल्ली और जोधपुर में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के बाद कंगना रनौत और निर्माता डॉ. जयंतीलाल गड़ा पिंक सिटी जयपुर पहुंचे। जयपुर के ईपी मिराज सिनेमा में फिल्म की एक भव्य और विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया। इस खास शाम में राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और लोकसभा सांसद मंजू शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस मौके पर फिल्म की टीम और मुख्यमंत्री ने राज्य के कई असली हीरोज़ (नर्स, पुलिसकर्मी, सफाईकर्मी और अन्य फ्रंटलाइन वर्कर्स) को उनके देश और समाज के प्रति अटूट समर्पण के लिए ‘बैज ऑफ ऑनर’ देकर सम्मानित किया।

‘Expose Now’ से विशेष बातचीत: वर्दी पहनने वाले हर व्यक्ति के जज्बे को सलाम
इस खास स्क्रीनिंग के दौरान ‘Expose Now‘ से एक्सक्लूसिव बातचीत करते हुए कंगना रनौत और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने देश सेवा में लगे हर उस छोटे-बड़े व्यक्ति की जमकर सराहना की, जो अपनी यूनिफॉर्म पहनकर पूरी निष्ठा के साथ अपना फर्ज निभाते हैं। कंगना रनौत ने कहा कि आपदा या संकट के समय समाज को सुरक्षित रखने में हमारी नर्सों, वार्ड बॉय, पुलिस और सुरक्षाकर्मियों का बहुत बड़ा योगदान होता है। वे अपनी जान की परवाह किए बिना देश की रीढ़ की हड्डी की तरह खड़े रहते हैं।
क्या राजस्थान में टैक्स फ्री होगी ‘भारत भाग्य विधाता’?
दिल्ली और ओडिशा जैसे अन्य राज्यों की तर्ज पर जब ‘Expose Now’ ने उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी से सवाल किया कि “क्या इस फिल्म को राजस्थान में भी टैक्स फ्री किया जाएगा?” तो इस पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बेहद सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा:
“यह फिल्म हमारे समाज के उन अनदेखे हीरोज़ की संवेदनशीलता और करुणा को दिखाती है, जिन्होंने कोविड-19 और अन्य मुश्किल दौर में देश की रक्षा की। फिल्म को टैक्स फ्री करने के विषय पर मैं खुद माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी से विस्तार से बातचीत करूंगी। मुझे पूरा विश्वास है कि इस चर्चा का बहुत ही सकारात्मक परिणाम सामने आएगा।”
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की फिल्म की तारीफ
स्क्रीनिंग के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कंगना के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि, “भारत भाग्य विधाता उन अनदेखे हीरोज़ की कहानी है, जिनके दिल में सिर्फ देश के लिए प्यार है। मुझे बेहद खुशी है कि कंगना रनौत ने ऐसे लोगों पर फिल्म बनाई है जो हर हाल में समाज की सेवा करते हैं। कोविड-19 के दौरान जब हम सब घरों में थे, तब हमारे युवा और हेल्थकेयर वॉरियर्स बाहर लोगों की सेवा में लगे थे।”

जयपुर के इन ‘असली हीरोज़’ को मिला सम्मान:
इस खास मौके पर अग्रिम पंक्ति में रहकर समाज की सेवा करने वाले निम्नलिखित कर्मयोगियों को ‘भारत भाग्य विधाता’ बैज से सम्मानित किया गया:
- रमा अग्रवाल, सुरभि शर्मा, रीनू कुमारी, मीनू, उदयवीर, रोशन लाल सालोडिया, रुकैया आरा, रूपाली देवी, पूर्वा पारीक और सपना शर्मा।
