चित्तौड़गढ़ में CBN का बड़ा एक्शन: हाई-टेक ड्रग लैब का पर्दाफाश, भारी मात्रा में मेफेड्रोन (MD) और रसायन जब्त

चित्तौड़गढ़, ‘नशा मुक्त भारत’ के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने की दिशा में केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में एक बड़ी सफलता हासिल की है। ब्यूरो की संयुक्त टीम ने दबिश देकर अवैध रूप से मादक पदार्थों का निर्माण करने वाली एक गुप्त प्रयोगशाला को ध्वस्त किया है।

खुफिया सूचना पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’

CBN चित्तौड़गढ़ की यूनिट 1, 2, 3 और सेल की संयुक्त टीम को ग्राम सुरजना के पास एक एकांत बाड़े में अवैध गतिविधियों की सटीक सूचना मिली थी। रणनीति के तहत मारे गए छापे के दौरान पुलिस ने मौके से सोनू सिंह उर्फ अकबर (निवासी मंदसौर, मप्र) को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर इस लैब को संचालित कर रहा था।

हाई-टेक उपकरण और करोड़ों का ड्रग जब्त

तलाशी के दौरान मौके पर भारी मात्रा में मेफेड्रोन (MD) और उसे बनाने के लिए प्रयुक्त होने वाले रसायन व आधुनिक उपकरण बरामद हुए हैं। जब्त की गई सामग्री का विवरण इस प्रकार है:

सामग्रीमात्रा
मेफेड्रोन (MD) पाउडर107 ग्राम
मेफेड्रोन (MD) क्रूड3.961 किलोग्राम
अल्प्राजोलम पाउडर1.826 किलोग्राम
प्रयुक्त रसायन (Synthesis Chemicals)लगभग 200 किलोग्राम
कुल मनोप्रभावी पदार्थ5.894 किलोग्राम

इसके अतिरिक्त, तस्करी में इस्तेमाल होने वाली एक मोटरसाइकिल और मादक पदार्थ बनाने के हाई-टेक उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

राजस्थान और एमपी का कनेक्शन

प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि इस गुप्त प्रयोगशाला में मेफेड्रोन का निर्माण किया जा रहा था। CBN की टीम अब इस नेटवर्क के वित्तीय लेन-देन, कच्चे माल के स्रोत और तस्करी के मुख्य नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। यह पूरी कार्रवाई उप नारकोटिक्स आयुक्त (कोटा) श्री नरेश बुन्देल के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

CBN की अपील: ब्यूरो ने जनता से नशा मुक्त भारत की दिशा में सहयोग मांगा है। किसी भी प्रकार की सूचना के लिए कंट्रोल रूम (0744-2438928), व्हाट्सएप (8764748232) या ईमेल (dnc-kota@cbn.nic.in) पर संपर्क किया जा सकता है।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!