नई दिल्ली: देश की राजनीति में एक बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को ‘सेवा तीर्थ’ में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। करीब एक घंटे चली इस अहम बैठक में परिसीमन (डिलिमिटेशन) और महिला आरक्षण से जुड़े संशोधन विधेयक को हरी झंडी दिखाई गई। यह बड़ा फैसला 30 नवंबर से शुरू होने जा रहे संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले लिया गया है।
815 होंगी लोकसभा की सीटें, महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं बढ़ी हुई सीटें
वर्तमान में लोकसभा में कुल 543 सीटें हैं। कैबिनेट के इस नए प्रस्ताव के लागू होने और 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद लोकसभा सीटों की कुल संख्या बढ़कर 815 हो जाएगी, यानी देश में 272 नई लोकसभा सीटें जुड़ेंगी। सूत्रों के मुताबिक, बढ़ाई गई ये सभी 272 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकती हैं। इसी तरह सभी राज्यों की विधानसभाओं में भी 50 फीसदी सीटें बढ़ाने को मंजूरी दी गई है।
DMK की दोनों शर्तें मानीं, 25 साल तक नहीं बदलेगी संख्या
परिसीमन को लेकर दक्षिण भारत के राज्यों, खासकर तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी DMK की चिंताओं को दूर करते हुए केंद्र सरकार ने उसकी दोनों प्रमुख शर्तें मान ली हैं। नए बिल में ऐसे प्रावधान किए गए हैं कि परिसीमन के बाद किसी भी राज्य की लोकसभा में सीटों की हिस्सेदारी दूसरे राज्यों के मुकाबले कम न हो। इसके साथ ही, सीटों की यह संशोधित अधिकतम सीमा अगले 25 साल यानी साल 2050 तक लागू रहेगी और इस दौरान परिसीमन को फ्रीज रखा जाएगा।
30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा में पेश होगा बिल
सरकार इस महत्वपूर्ण विधेयक को 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में पास कराने की तैयारी में है। तय कार्यक्रम के अनुसार, परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा यह नया बिल 30 नवंबर को लोकसभा में और 2 दिसंबर को राज्यसभा में पेश किया जाएगा।
361 के जादुई आंकड़े के लिए सरकार का मास्टरप्लान
इस संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में पारित कराने के लिए सरकार को दो-तिहाई बहुमत यानी 361 वोटों की आवश्यकता होगी। फिलहाल एनडीए (NDA) के पास करीब 320 सांसदों का संख्या बल है। ऐसे में जरूरी आंकड़े तक पहुंचने के लिए सरकार ने खास रणनीति तैयार की है। सूत्रों के अनुसार, सरकार को DMK के 22 सांसदों, एनसीपी (शरद पवार) के 8 सांसदों और जेएमएम (JMM) के 3 सांसदों का समर्थन मिल सकता है। इसके अलावा बीजेडी (BJD) समेत विपक्ष की कुछ अन्य पार्टियां मतदान से दूरी बना सकती हैं या वॉकआउट कर सकती हैं, जिससे सरकार की राह आसान हो जाएगी। राज्यसभा में भी सरकार की नजर DMK, YSRCP और BJD जैसे दलों के समर्थन और मतदान समीकरण पर टिकी है।
किरेन रिजिजू की अपील, कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सभी विपक्षी दलों से इस ऐतिहासिक बिल पर संसद में होने वाली बहस में सकारात्मक रूप से हिस्सा लेने की अपील की है। दूसरी ओर, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने इस कदम पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े इस बिल को पास कराने के लिए धोखे से बहुमत जुटाने की कोशिश कर रही है।