अलवर: अलवर शहर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र स्थित जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के ग्रामीण खंड-द्वितीय एनसीआर कार्यालय में ठेकेदारों की दबंगई और गुंडागर्दी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां फर्जी बिलों पर साइन करने से मना करने पर एक ईमानदार अधिकारी (AEN) के साथ सरकारी दफ्तर में घुसकर अभद्रता और हाथापाई की गई। पीड़ित अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने मैसर्स गुरुकृपा कंस्ट्रक्शन कंपनी के दो प्रतिनिधियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा और मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरकारी दफ्तर में घुसकर की हाथापाई
पुलिस के अनुसार, पीपली का बास निवासी और वर्तमान में PHED के उपखंड प्रतापगढ़ में कार्यरत सहायक अभियंता (AEN) मोहर सिंह मीणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 7 जुलाई को दोपहर करीब 12:10 बजे वह अंबेडकर नगर स्थित अपने कार्यालय में बैठकर सरकारी काम निपटा रहे थे। इसी दौरान मैसर्स गुरुकृपा कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रतिनिधि कैलाश, दौलत राम और उनके साथ आए कुछ अन्य लोग दफ्तर में घुस आए। आरोप है कि इन लोगों ने आते ही कार्यालय में अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया, गाली-गलौज की और सरकारी काम में बाधा डालते हुए AEN के साथ हाथापाई पर उतर आए।
‘फर्जी बिलों पर साइन का दबाव बना रहे थे ठेकेदार’
AEN मोहर सिंह मीणा ने इस पूरे घटनाक्रम के पीछे के ‘काले खेल’ का खुलासा करते हुए बताया, “ये ठेकेदार और उनके आदमी मुझसे कंपनी के फर्जी बिलों पर जबरन साइन करवाना चाहते थे। जब मैंने नियमों के खिलाफ जाकर इन फर्जी बिलों पर हस्ताक्षर करने से साफ मना कर दिया, तो ये लोग भड़क गए और मुझसे गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद उन्होंने मेरे साथ हाथापाई शुरू कर दी।”
कर्मचारियों ने कराया बीच-बचाव, दफ्तर में दहशत का माहौल
घटना के समय कार्यालय में मौजूद अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने तुरंत बीच-बचाव कर जैसे-तैसे मामला शांत कराया और AEN को उन लोगों से बचाया। शिकायत में बताया गया है कि सरेआम सरकारी दफ्तर में हुई इस गुंडागर्दी से न केवल सरकारी कार्य प्रभावित हुआ, बल्कि पूरे कार्यालय के कर्मचारियों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पुलिस पूछताछ में परिवादी AEN ने बताया कि आरोपियों ने उनके साथ हाथापाई की, हालांकि शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं आए हैं। फिलहाल वैशाली नगर थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों (कैलाश और दौलत राम) के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की है और आरोपियों की तलाश व पूछताछ की प्रक्रिया तेज कर दी है।
