राजस्थान के पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर के ‘ग्राउंड जीरो’ एक्शन ने एक बार फिर प्रशासनिक गलियारों में खलबली मचा दी है। स्वच्छता अभियान को लेकर बेहद गंभीर मंत्री ने सीकर जिले की लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति के अंतर्गत आने वाली जसरासर ग्राम पंचायत की प्रशासक को हटा दिया है।
निरीक्षण में खुली थी पोल
जानकारी के अनुसार, 22 मार्च 2026 को मंत्री मदन दिलावर ने जसरासर ग्राम पंचायत का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्हें गांव की गलियों में गंदगी और स्वच्छता कार्यों में भारी लापरवाही देखने को मिली। मंत्री ने विभाग के उच्चाधिकारियों को इस पर तुरंत रिपोर्ट तैयार करने और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
किरण देवी पर गिरी गाज
जांच में पाया गया कि निवर्तमान सरपंच और वर्तमान प्रशासक किरण देवी स्वच्छता कार्यों की निगरानी में विफल रहीं। अतिरिक्त आयुक्त एवं शासन उप सचिव (द्वितीय) त्रिलोक चंद मीणा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राज्य सरकार ने उन्हें प्रशासक पद से मुक्त करने का विनिश्चय किया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह कदम विभागीय निर्देशों की अवहेलना और कार्य में अनियमितता के चलते उठाया गया है।
उप-सरपंच को सौंपी कमान
प्रशासक के पद से किरण देवी को हटाए जाने के बाद, अब जसरासर ग्राम पंचायत का कामकाज उप-सरपंच संभालेंगे। जिला कलेक्टर और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीकर) को निर्देश दिए गए हैं कि वे जल्द से जल्द कार्यभार हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करें।
मंत्री दिलावर की यह कार्रवाई उन सभी पंचायतों के लिए एक कड़ा संदेश है जहाँ कागजों में तो सफाई हो रही है, लेकिन धरातल पर गंदगी पसरी है।
