गणतंत्र दिवस 2026: राजस्थान पुलिस के 45 जांबाज होंगे सम्मानित, PHQ में DGP राजीव कुमार शर्मा करेंगे पदक वितरण

जयपुर, आगामी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर राजस्थान पुलिस के बेड़े में हर्ष और गौरव का माहौल रहेगा। राजस्थान पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कुमार शर्मा द्वारा पुलिस मुख्यालय (PHQ) परिसर में आयोजित होने वाले भव्य समारोह में प्रदेश के 45 उत्कृष्ट पुलिस अधिकारियों और मंत्रालयिक कर्मचारियों को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा।

महानिदेशक पुलिस (कार्मिक) एस. परिमला द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, इन अधिकारियों को केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा स्वीकृत उत्कृष्ट/अति उत्कृष्ट सेवा पदक, डीजीपी डिस्क और प्रशस्ति-रोल प्रदान किए जाएंगे। वहीं, विभाग की रीढ़ माने जाने वाले मंत्रालयिक कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर उनके मनोबल को बढ़ाया जाएगा।

सम्मानित होने वाले शीर्ष पुलिस अधिकारी

समारोह में राजस्थान पुलिस के कई आला अधिकारियों को उनकी कर्तव्यनिष्ठा के लिए नवाजा जाएगा। प्रमुख नामों में शामिल हैं:

  • गोविन्द गुप्ता (डीजीपी, एसीबी)
  • एस. सेंगाथिर (एडीजी)
  • बिपिन कुमार पाण्डेय (एडीजी)
  • आलोक कुमार वशिष्ठ (एडीजी)
  • लता मनोज कुमार (संयुक्त सचिव, NSCS)
  • प्रफुल्ल कुमार (आईजी, CISF)
  • विकास कुमार, अजयपाल लांबा, अंशुमन भौमिया, राहुल प्रकाश (आईजी स्तर के अधिकारी)

साथ ही, उप महानिरीक्षक (DIG) स्तर के अधिकारी जैसे अजय सिंह, दीपक भार्गव, विकास शर्मा और जिला पुलिस अधीक्षक (SP) श्रेणी में राशि डोगरा डूडी, राजर्षि राज वर्मा, ज्येष्ठा मैत्रयी सहित कई अन्य अधिकारियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

मंत्रालयिक कर्मचारियों का बढ़ा मान

पुलिस विभाग के सुचारू संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 16 मंत्रालयिक कर्मचारियों को भी सराहना पत्र दिए जाएंगे। इनमें अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी अंजू शर्मा, सहायक प्रशासनिक अधिकारी सुनील कुमार शर्मा, और वरिष्ठ सहायक भगवत सिंह मीना सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं।

महत्वपूर्ण निर्देश: सम्मानित होने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को 26 जनवरी की सुबह 07:30 बजे पुलिस मुख्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Share This Article
Leave a Comment