सवाई माधोपुर: जिले में नकली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ औषधि नियंत्रण विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग की टीम ने शहर के राजबाग क्षेत्र स्थित मैसर्स एस.बी. एसोसिएट पर छापा मारकर करीब 2 लाख रुपए बाजार मूल्य की नकली दवाओं का स्टॉक जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में इस नकली दवा की मार्केटिंग और निर्माण करने वाली फर्मों का सीधा संबंध अहमदाबाद (गुजरात) से सामने आया है। फिलहाल विभाग पूरी सप्लाई चेन खंगालने में जुटा है।
लैब रिपोर्ट में नकली होने की पुष्टि के बाद मारा छापा
सहायक औषधि नियंत्रक चंद्र प्रकाश जाटव ने बताया कि जिले में नकली औषधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत औषधि नियंत्रण अधिकारी सिंधु शर्मा ने पूर्व में निरीक्षण के दौरान संबंधित दवा का नमूना संग्रहित कर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा था। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट में दवा का नमूना नकली पाए जाने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट आते ही विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राजबाग स्थित मैसर्स एस.बी. एसोसिएट से उपलब्ध स्टॉक को जब्त कर लिया। विभाग ने जब्त की गई नकली औषधि को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।
अहमदाबाद तक पहुंची जांच की कड़ी
प्रारंभिक जांच में संबंधित दवा की मार्केटिंग और निर्माता फर्म अहमदाबाद की होना सामने आया है। अब औषधि नियंत्रण विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि दवा का वास्तविक निर्माण कहां हुआ, किन माध्यमों से इसकी आपूर्ति की गई और जिले में किन-किन मेडिकल स्टोर्स या जगहों पर इसका वितरण किया गया। अधिकारियों का कहना है कि जांच में अन्य फर्मों या कारोबारियों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
‘Expose Now’ के स्पेशल इन्वेस्टिगेशन पर फिर लगी मुहर
सवाई माधोपुर में हुई इस ताजा जब्ती ने एक बार फिर ‘Expose Now’ के उस बड़े स्पेशल इन्वेस्टिगेशन पर मुहर लगा दी है, जिसमें राजस्थान में दवा माफिया और स्वास्थ्य विभाग के कथित ‘गठजोड़’ का सनसनीखेज खुलासा किया गया था। ‘Expose Now’ की जांच और आंकड़ों के अनुसार, पिछले 5 वर्षों में राज्य भर में लिए गए दवाओं के सैंपलों में से 770 सैंपल जांच में पूरी तरह फेल हो चुके हैं। इनमें से कई दवाइयां ‘अमानक’ (NOSQ) पाई गईं, तो कई पूरी तरह से ‘नकली’ (Spurious) साबित हुईं।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग भले ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के दावे करता हो, लेकिन जमीनी हकीकत इसके ठीक उलट है। ‘Expose Now’ ने अपनी पड़ताल में उजागर किया था कि किस तरह ज्यादातर कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सिमट कर रह जाती है और कथित सरकारी ‘सेटिंग’ व कमजोर पैरवी के चलते आमजन की जान से खिलवाड़ करने वाले ये ‘मौत के सौदागर’ कोर्ट से बाइज्जत बरी हो जाते हैं। अब देखना यह होगा कि सवाई माधोपुर के इस मामले में विभाग अहमदाबाद के बड़े नेटवर्क तक पहुंचकर ठोस सजा दिला पाता है या यह केस भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।