टोंक: राजस्थान के टोंक जिले से स्वास्थ्य विभाग के जो आंकड़े सामने आए हैं, वे न सिर्फ हैरान करने वाले हैं बल्कि अभिभावकों के लिए एक कड़ी चेतावनी भी हैं। जिले में ‘साइलेंट किलर’ मानी जाने वाली डायबिटीज (मधुमेह) ने भयानक रूप ले लिया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई 4 लाख लोगों की स्क्रीनिंग में करीब 40 हजार लोग इस बीमारी की चपेट में पाए गए हैं। सबसे डराने वाली बात यह है कि वयस्कों के साथ-साथ अब मासूम बच्चे भी इस गंभीर बीमारी का शिकार हो रहे हैं। जिले में फिलहाल 49 बच्चों का डायबिटीज का इलाज चल रहा है।
4 लाख की स्क्रीनिंग में 10 प्रतिशत को डायबिटीज
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शैलेंद्र चौधरी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग ने जिले में 37 साल से अधिक उम्र के करीब चार लाख लोगों की स्क्रीनिंग की थी। इस स्क्रीनिंग रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि लगभग 10 प्रतिशत (करीब 40 हजार) लोग मधुमेह से पीड़ित हैं। राजकीय सआदत अस्पताल की एनसीडी ओपीडी में रोजाना लगभग 150 मरीज सिर्फ शुगर की जांच करवाने पहुंच रहे हैं, जबकि 50 से 60 मरीज नियमित फॉलोअप के लिए आ रहे हैं।
मासूम बच्चों में ‘साइलेंट किलर’ की दस्तक, अस्पतालों में लग रही इंसुलिन
डायबिटीज अब सिर्फ उम्रदराज लोगों की बीमारी नहीं रही। बदलती जीवनशैली, जंक फूड, पैकेट वाले खाद्य पदार्थ, मीठे पेय और मोबाइल-टीवी की लत के कारण बच्चे इसकी चपेट में आ रहे हैं। सआदत अस्पताल में पांच साल से अधिक उम्र के 27 बच्चों को मधुमेह की दवाएं दी जा रही हैं, जबकि जनाना अस्पताल में 22 बच्चों को इंसुलिन के जरिए कंट्रोल किया जा रहा है।
क्या हैं बच्चों में डायबिटीज के 5 बड़े लक्षण?
शिशु रोग विशेषज्ञ का कहना है कि बच्चों में मुख्य रूप से टाइप-1 और टाइप-2 मधुमेह देखने को मिल रही है। अभिभावकों को इन 5 शुरुआती लक्षणों पर नजर रखनी चाहिए:
- बार-बार प्यास लगना।
- बार-बार पेशाब आना।
- अचानक वजन कम होना।
- अत्यधिक भूख लगना।
- लगातार थकान और कमजोरी महसूस होना। विशेषज्ञों की सलाह है कि बच्चों को रोजाना कम से कम 60 मिनट शारीरिक गतिविधियों और खेलकूद के लिए प्रेरित करें। उनके भोजन में जंक फूड की जगह हरी सब्जियां और संतुलित आहार शामिल करें।
934 अति कुपोषित बच्चों के आंकड़े भी डराने वाले
एक तरफ डायबिटीज का खतरा है, तो दूसरी तरफ कुपोषण भी जिले के लिए चुनौती बना हुआ है। महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक सरोज मीना ने बताया कि जिले की आठ परियोजनाओं में 934 अति कुपोषित बच्चे चिह्नित किए गए थे। राहत की बात यह है कि नियमित देखभाल और पौष्टिक आहार से इनमें से 848 बच्चे रिकवर हो चुके हैं।