झालावाड़: राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बार फिर बड़ा प्रहार हुआ है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने झालावाड़ में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार लिमिटेड के कार्यवाहक महाप्रबंधक (सहकारी समितियों के निरीक्षक) मस्तराम मीणा को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी ने दवा सप्लाई के बकाया भुगतान का चेक जारी करने की एवज में 10 प्रतिशत कमीशन की मांग की थी।
बकाया भुगतान के नाम पर खुलेआम लूट
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को एसीबी चौकी झालावाड़ में एक परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी की झालरापाटन स्थित फर्म ‘गुरुकृपा मेडिकोज’ ने झालावाड़ सहकारी उपभोक्ता भंडार में दवाइयों की भारी सप्लाई की थी, जिसका लगभग 15.32 लाख रुपए का भुगतान लंबे समय से अटका हुआ था। इस बकाया राशि में से 9.19 लाख रुपए के चेक पर हस्ताक्षर करने के लिए कार्यवाहक महाप्रबंधक मस्तराम मीणा द्वारा लगातार रिश्वत का दबाव बनाया जा रहा था।
सत्यापन में खुली भ्रष्ट अधिकारी की पोल
शिकायत मिलने के तुरंत बाद ACB ने 12 नवंबर को ही इस मांग का गोपनीय सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान यह साफ हो गया कि आरोपी अधिकारी बकाया भुगतान की कुल राशि का 10 प्रतिशत हिस्सा रिश्वत के रूप में मांग रहा था। सौदेबाजी के दौरान आरोपी ने 5 लाख रुपए के चेक पर हस्ताक्षर कर संबंधित बैंक के नाम का पत्र परिवादी को सौंप दिया और शेष 4.19 लाख रुपए का चेक एक-दो दिन में जारी करने का आश्वासन दिया। आरोपी ने 25 हजार रुपए अगले दिन और शेष राशि चेक पास होने के बाद लेने पर सहमति जताई थी।
ACB ने बुना जाल और रंगे हाथों किया गिरफ्तार
13 नवंबर को परिवादी 15 हजार रुपए की रिश्वत राशि लेकर पहुंचा। कोटा रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में और एसीबी चौकी झालावाड़ के पुलिस निरीक्षक साजिद खान के नेतृत्व में टीम ने अपना जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी मस्तराम मीणा ने परिवादी से 15 हजार रुपए अपने हाथ में लिए, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत होगी सख्त कार्रवाई
फिलहाल, एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमाला के सुपरविजन में आरोपी से कड़ी पूछताछ जारी है। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे का अनुसंधान किया जाएगा। एसीबी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह के भ्रष्टाचार के खिलाफ बिना डरे शिकायत दर्ज कराएं (हेल्पलाइन नंबर 1064, व्हाट्सएप 94135-02834) और किसी भी धोखे या दबाव का शिकार न हों।