प्रोबेशन पीरियड में ही भ्रष्टाचार के दलदल में उतरा JVVNL का JEN, संविदा कर्मी के साथ मिलकर कर रहा था वसूली

कोटा: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) कोटा देहात ने बिजली विभाग में बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL) सुल्तानपुर के कनिष्ठ अभियंता (JEN) पंकज वर्मा और फॉल्ट रिमूवल टीम (FRT) के कर्मचारी दानमल को 1,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बिजली कनेक्शन की वीसीआर (VCR) नहीं भरने की एवज में घूस मांग रहे थे।

क्या है पूरा मामला?

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि 20 जुलाई को एक परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पिता के नाम पर लगे बिजली कनेक्शन को लेकर जेईएन पंकज वर्मा घर के फोटो खींचकर ले गए थे। इसके बाद, एफआरटी कर्मचारी दानमल के जरिए वीसीआर नहीं भरने के एवज में 7,000 रुपए रिश्वत की मांग की गई।

शिकायत मिलने पर एसीबी के उप महानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल सिंह कानावत के नेतृत्व में इसका गोपनीय सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान परिवादी द्वारा राशि कम करने का अनुरोध करने पर आरोपियों ने रिश्वत की रकम घटाकर 2,000 रुपए कर दी थी, जिसमें से 1,000 रुपए पहले ही लिए जा चुके थे।

एसीबी की ट्रैप कार्रवाई

बुधवार शाम 7 बजे एसीबी की टीम ने ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया। एफआरटी कर्मचारी दानमल को परिवादी से रिश्वत के शेष 1,000 रुपए लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया गया और उसके पास से राशि भी बरामद कर ली गई। जांच में जेईएन पंकज वर्मा की संलिप्तता सामने आने के बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। यह पूरी कार्रवाई एडिशनल एसपी कानावत के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक शरीफ अहमद और उनकी टीम द्वारा की गई। एसीबी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की पूछताछ जारी है।

प्रोबेशन पीरियड में ही भ्रष्टाचार की राह पर JEN

जेईएन पंकज वर्मा मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले का रहने वाला है। वह करीब एक वर्ष पहले ही सरकारी सेवा में आया था और उसकी यह पहली पोस्टिंग कोटा के सुल्तानपुर में थी। वह यहां किराए का कमरा लेकर रह रहा था और अविवाहित है। वहीं, दूसरा आरोपी दानमल कॉन्ट्रैक्ट बेस (संविदा) का कर्मचारी है। पहली ही पोस्टिंग में इस तरह के भ्रष्टाचार में लिप्त मिलने से प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा का विषय बन गया है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment