प्रतापगढ़: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को प्रतापगढ़ जिले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवार हल्का केलामला के पटवारी मदन लाल को 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी के पास ग्राम पंचायत रोहणिया (तहसील पीपलखूंट) का अतिरिक्त चार्ज भी था।
क्या है पूरा मामला?
एसीबी के अनुसार, 24 अगस्त को प्रतापगढ़ चौकी में एक परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि पटवारी मदन लाल गांव के लोगों और परिवादी के परिवार से जमीन के पट्टों को ऑनलाइन करने तथा मौके का मुआयना करने के एवज में प्रति पट्टा 2 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। परिवादी के परिवार के कुल तीन पट्टों के एवज में आरोपी ने 6 हजार रुपए की मांग की थी।
एसीबी ने किया सत्यापन और ट्रैप
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने इसका गोपनीय सत्यापन करवाया। सत्यापन के दौरान पटवारी द्वारा तीनों पट्टों के लिए प्रति पट्टा 2 हजार रुपए के हिसाब से कुल 6 हजार रुपए की रिश्वत मांगने की पुष्टि हो गई। इसके बाद एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की और आरोपी मदन लाल को परिवादी से 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।
अतिरिक्त नकदी बरामद और आगे की कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान आरोपी पटवारी की तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 25,068 रुपए की संदिग्ध नकदी भी बरामद हुई। इस अतिरिक्त राशि के संबंध में आरोपी एसीबी की टीम को कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
यह पूरी कार्रवाई एसीबी उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह के नेतृत्व में की गई। वहीं, एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की अनुसंधान प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एसीबी की अपील
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि उनसे भी सरकारी कार्य के एवज में रिश्वत की मांग की जाती है, तो वे एसीबी के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 94135-02834 पर 24 घंटे संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।