धावास रोड पर खुली जेल के कैदी की दिनदहाड़े हत्या, स्कूटी सवार बदमाशों ने मारी गोली

जयपुर। करणी विहार थाना इलाके में धावास रोड पर बुधवार शाम दिनदहाड़े बाइक सवार एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक सांगानेर खुली जेल में सजा काट रहा कैदी था और बुधवार को परिजनों से मिलने के लिए धावास स्थित अपने घर आया था। वापस खुली जेल लौटते समय घर से करीब दो किलोमीटर दूर नकाबपोश स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उसे निशाना बनाया। बदमाशों ने तीन फायर किए। इनमें से एक गोली हेलमेट को चीरते हुए उसके सिर में जा लगी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद पुलिस ने पूरे कमिश्नरेट में ए-श्रेणी की नाकाबंदी कराई, लेकिन देर रात तक हत्यारों का कोई सुराग नहीं लग सका।

घर से ही कर रहे थे पीछा, रास्ते में दिया वारदात को अंजाम

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्यारों ने वारदात से पहले मृतक की रैकी की थी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पता चला कि दोनों बदमाश स्कूटी पर मृतक की बाइक के आगे-आगे चल रहे थे। पुलिस को आशंका है कि बदमाश मृतक के घर से ही उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और उसके खुली जेल लौटने के लिए निकलने का इंतजार कर रहे थे।

जैसे ही मृतक धावास रोड पर घर से करीब दो किलोमीटर दूर पहुंचा, बदमाशों ने उसे निशाना बना लिया। स्कूटी सवार बदमाशों ने बाइक के पास पहुंचकर तीन गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। गोली लगने से बाइक सवार सड़क पर गिर गया। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मौके से तीन खोल और खाली मैग्जीन बरामद

घटना की सूचना मिलते ही करणी विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। मौके से तीन गोलियों के खोल और एक खाली मैग्जीन बरामद हुई है। देर रात एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के इलाके में भारी जाब्ता तैनात कर दिया है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाकर बदमाशों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। पुलिस वारदात के दौरान इस्तेमाल की गई स्कूटी और बदमाशों के भागने के संभावित रास्तों की भी जांच कर रही है।

2018 में हत्या के मामले में हुई थी सजा

पुलिस के अनुसार मृतक गंगासहाय धावास का रहने वाला था। वर्ष 2018 में 23 अप्रैल को उसने गणेश नगर, मोती डूंगरी निवासी महेन्द्र गुर्जर के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस ने गंगासहाय को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वह पिछले कुछ दिनों से सांगानेर खुली जेल में रहकर सजा काट रहा था।

बुधवार को वह परिजनों से मिलने के लिए धावास स्थित अपने घर आया था। शाम करीब पौने छह बजे वह वापस सांगानेर खुली जेल के लिए बाइक से रवाना हुआ। इसी दौरान रास्ते में स्कूटी सवार बदमाशों ने उसकी हत्या कर दी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश थी या किसी अन्य वजह से वारदात को अंजाम दिया गया।

ए-श्रेणी की नाकाबंदी, हत्यारों की तलाश तेज

डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि वारदात में दो बदमाश शामिल थे, जो स्कूटी पर सवार थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बदमाश मृतक की बाइक के आगे चल रहे थे। पुलिस को रैकी किए जाने के भी संकेत मिले हैं। घटना के बाद कमिश्नरेट स्तर पर ए-श्रेणी की नाकाबंदी कराई गई और संदिग्ध वाहनों की जांच की गई।

पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने में जुटी हैं। पुलिस मृतक की पुरानी रंजिश, जेल में बंद रहने के दौरान हुए विवाद और हाल की गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हत्यारों की पहचान के लिए उपलब्ध फुटेज और मौके से मिले साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment