‘खुली आंखों से मुंगेरीलाल के सपने देख रही कांग्रेस’, पूर्व सीएम गहलोत और हरीश मीणा पर बरसे गृहराज्यमंत्री बेढम

करौली। सूबे के गृहराज्यमंत्री एवं करौली जिला प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने सोमवार को करौली का दौरा किया। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 साल का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा होने के उपलक्ष्य में वे मीडिया से रू-ब-रू हुए। इस दौरान मंत्री ने मोदी सरकार की उपलब्धियों का जमकर बखान किया, तो वहीं दूसरी ओर पांचना बांध के पानी के मुद्दे पर टोंक-सवाई माधोपुर सांसद हरीश मीणा के बयान की कड़े शब्दों में निंदा की। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयानों पर पलटवार करते हुए उन्हें ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने’ करार दिया।

सांसद हरीश मीणा और अशोक गहलोत पर बोला तीखा हमला

प्रेस वार्ता के दौरान प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने पांचना बांध से नहरों में पानी छोड़ने के विवाद पर कहा कि इस मामले का समाधान सभी पक्षों को साथ में बैठाकर, भाईचारा कायम रखते हुए जल्द ही निकाला जाएगा। हालांकि, खंडीप में पांचना बांध के पानी को लेकर चल रहे धरने के बीच टोंक-सवाई माधोपुर सांसद और पूर्व डीजीपी हरीश मीणा के बयान पर मंत्री ने तीखी आपत्ति जताई। हरीश मीणा के ‘बकरी दूध तो देगी लेकिन मेंगनी करके देगी’ वाले बयान को मंत्री बेढम ने अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और घिनौनी राजनीति का प्रतीक बताया।

पूर्व सीएम अशोक गहलोत के उस बयान पर भी मंत्री ने पलटवार किया जिसमें गहलोत ने कहा था कि ‘अगर आज देश में इंदिरा गांधी होतीं तो भाजपा को बैन कर देती।’ जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि यह कांग्रेसी नेताओं के मुंगेरीलाल के सपने हैं जो वे खुली आंखों से देख रहे हैं और यह कभी संभव नहीं होने वाला है। उन्होंने सचिन पायलट द्वारा किसान सम्मेलन में अशोक गहलोत के खिलाफ तांत्रिक चंद्रस्वामी का किस्सा सुनाए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि आंतरिक लड़ाई के कारण कांग्रेस का स्तर लगातार गिर रहा है और जनता के बीच उसकी साख खत्म हो चुकी है।

डबल इंजन सरकार से बदलेगी करौली की तस्वीर

प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र में पीएम नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में किसान, युवा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्रों में ऐतिहासिक काम हुआ है। राजस्थान में भी डबल इंजन की सरकार प्रदेश के ढाई साल के कार्यकाल के दौरान करौली जैसे आकांक्षी जिलों (Aspirational Districts) पर विशेष मेहनत कर रही है। सरकार का लक्ष्य करौली में महत्वपूर्ण विकास कार्यों को गति देकर इसे राजस्थान के अग्रणी जिलों की अग्रिम पंक्ति में शामिल करना है।

अधिकारियों द्वारा फोन नहीं उठाने पर मंत्री ने जताई नाराजगी

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब मीडिया ने मंत्री से सवाल किया कि करौली में जिला कलेक्टर समेत प्रशासन के आला अधिकारी आमजन और जनप्रतिनिधियों का फोन रिसीव नहीं करते हैं, तो मंत्री ने इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। हाल ही में सूचना कार्यालय टाउन हॉल में आयोजित एक प्रदर्शनी के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष गोवर्धन सिंह के सामने भी कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों की इस मनमानी की शिकायत रखी थी। इस सवाल पर प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट कहा कि वे इस मामले को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से सीधे बात करेंगे और व्यवस्था में सुधार लाएंगे।

इस महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता के दौरान करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर, सपोटरा विधायक हंसराज बालोती, भाजपा जिला अध्यक्ष गोवर्धन सिंह जादौन, ‘मन की बात’ कार्यक्रम के राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष मोतीलाल मीणा, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष आशुतोष तिवारी, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रहलाद सिंघल और मीडिया संयोजक मुकेश सालौत्री सहित कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment