डीडवाना-कुचामन | भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की अजमेर टीम ने मंगलवार को डीडवाना-कुचामन जिले में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने जिले की सहकारी समितियों के सहायक रजिस्ट्रार पीथदान चारण को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक सहकारी सोसायटी में हुए गबन के मामले को हटाने के बदले यह रिश्वत मांगी थी, जिसमें 1 लाख रुपए में सौदा तय हुआ था।
गबन के नोटिसों को रफा-दफा करने का खेल
एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी कि सहकारी समितियां डीडवाना-कुचामन के सहायक रजिस्ट्रार पीथदान चारण उसे परेशान कर रहे हैं।
- परिवादी को राजस्थान सहकारी सोसायटी अधिनियम के तहत गबन के आरोपों के संबंध में नोटिस जारी हुए थे।
- इन नोटिसों का फैसला परिवादी के पक्ष में करने के बदले आरोपी अधिकारी ने एक लाख रुपए की डिमांड की थी।
ACB का बिछाया जाल और गिरफ्तारी
शिकायत का सत्यापन होने के बाद डीआईजी नारायण टोगस और एएसपी वंदना भाटी के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। निरीक्षक नरेंद्र सिंह राठौड़ की टीम ने दबिश देकर पीथदान चारण को रिश्वत की राशि लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
ठिकानों पर जांच जारी
फिलहाल एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और आईजी एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपी अधिकारी से गहन पूछताछ की जा रही है। ब्यूरो द्वारा आरोपी के आवास और अन्य ठिकानों की भी जांच की जा सकती है।
