सीकर में 80 हजार की रिश्वत मांगने का मामला: कृषि उपज मंडी सचिव के खिलाफ एसीबी की एफआईआर दर्ज

जिले के नीमकाथाना स्थित कृषि उपज मंडी में लाइसेंस जारी करने के बदले रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंडी सचिव रणधीर सिंह के खिलाफ 80 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एफआईआर के अनुसार, परिवादी सुभाषचंद यादव निवासी ढाणी हेमावाली ने एसीबी को शिकायत दी कि वह कृषि उपज मंडी नीमकाथाना में फल-सब्जी की दुकान संचालित करता है। इसके साथ ही उसने अपने परिवार के सदस्यों के नाम से अनाज एवं फल-सब्जी विक्रय लाइसेंस के लिए आवेदन कर रखा है।

शिकायत में बताया गया कि मंडी सचिव रणधीर सिंह द्वारा प्रति लाइसेंस 20 हजार रुपये के हिसाब से कुल 80 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। परिवादी ने स्पष्ट किया कि वह रिश्वत नहीं देना चाहता और आरोपी को रंगे हाथों पकड़वाना चाहता है।

एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करने के लिए डिजिटल वॉइस रिकॉर्डर की मदद से गोपनीय जांच करवाई। सत्यापन के दौरान रिकॉर्डिंग में रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की।

जांच प्रक्रिया के तहत एसीबी टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ट्रैप की तैयारी भी की। टीम आवश्यक उपकरणों और अधिकारियों के साथ सीकर से नीमकाथाना के लिए रवाना हुई, ताकि आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा जा सके।

प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल एसीबी मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी की भूमिका की गहन पड़ताल की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment