राजस्थान में पेपर लीक गैंग का बड़ा खुलासा: मास्टरमाइंड विनोद रेवाड़ गिरफ्तार, कई बड़ी भर्तियों में था शामिल

जयपुर: राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं की गोपनीयता भंग करने वाले संगठित पेपर लीक गिरोह के खिलाफ एसओजी (SOG) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। एसओजी ने पेपर लीक प्रकरण के मुख्य सरगनाओं में शामिल विनोद कुमार जाट उर्फ विनोद रेवाड़ को चौमू क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद अदालत ने उसे 20 जुलाई 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है

स्कूल व्याख्याता भर्ती-2022 में फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड

SOG की जांच में सामने आया है कि प्राध्यापक/स्कूल व्याख्याता (कृषि विज्ञान) भर्ती परीक्षा-2022 का पेपर लीक करने में विनोद रेवाड़ की अहम भूमिका थी। गिरोह के सरगना अनिल कुमार मीणा उर्फ शेर सिंह ने तत्कालीन RPSC सदस्य बाबूलाल कटारा से 60 लाख रुपये में प्रश्न-पत्र हासिल किए थे। इसके बाद विनोद रेवाड़ ने लगभग 50 लाख रुपये में इन प्रश्न-पत्रों को खरीदा और अभ्यर्थियों को बेचकर उन्हें चयनित करवाया। इस गिरोह के माध्यम से अशोक कुमार यादव नाम के अभ्यर्थी ने 7 लाख रुपये देकर पेपर पढ़ा और स्कूल व्याख्याता (कृषि विज्ञान) के पद पर फर्जी तरीके से चयन पाकर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, दिवराला में तैनात था।

एक नहीं, कई परीक्षाओं में था हाथ

जांच में यह भी उजागर हुआ है कि विनोद रेवाड़ केवल एक परीक्षा तक सीमित नहीं था, बल्कि वह एक संगठित पेपर लीक नेटवर्क का सक्रिय सदस्य था। उसकी संलिप्तता निम्नलिखित परीक्षाओं में पाई गई है:

  • उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021: इस मामले में उस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था और उसे 28 अगस्त 2025 को ओडिशा से गिरफ्तार किया गया था।
  • वरिष्ठ अध्यापक (द्वितीय श्रेणी) भर्ती परीक्षा-2022: इस परीक्षा में 29 अभ्यर्थियों से लगभग 57 लाख रुपये की अवैध वसूली कर उन्हें पेपर पढ़ाया गया था।
  • ग्राम विकास अधिकारी (प्रारंभिक) भर्ती परीक्षा-2021: इस परीक्षा के पेपर लीक में भी उसकी भूमिका स्पष्ट हुई है।

एसओजी की बड़ी कार्रवाई

विनोद रेवाड़ के खिलाफ उदयपुर के बेकरिया थाने और सिरोही कोतवाली में भी मामले दर्ज हैं। आरोपी की गिरफ्तारी पर रोक लगाने वाली याचिका 13 जुलाई 2026 को राजस्थान उच्च न्यायालय द्वारा खारिज कर दी गई थी, जिसके बाद एसओजी की विशेष टीम ने उसे धर दबोचा। एसओजी के अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों और पेपर लीक नेटवर्क के बारे में कई और महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment