क्या आपका साबुन और टूथपेस्ट शाकाहारी है? पैकेट पर लगी हरी और लाल बिंदी खोलेगी राज, जानिए नया सरकारी नियम

साबुन, शैंपू या टूथपेस्ट खरीदते समय अब पैकेट पर एक छोटा सा निशान जरूर देखिएगा। सरकार ने इन उत्पादों के पैकेट पर वेज-नॉनवेज पहचान को लेकर नियम में बड़ा बदलाव किया है। अब शाकाहारी मूल के उत्पाद पर हरी बिंदी (Green Dot), जबकि मांसाहारी मूल के उत्पाद पर लाल या भूरी बिंदी (Red/Brown Dot) की पहचान अनिवार्य होगी। यह अहम बदलाव 21 सितंबर 2026 से देशभर में लागू हो गया है।

आसान भाषा में समझें नया नियम

आसान भाषा में समझें तो पैकेट पर लगा यह डॉट बताएगा कि उत्पाद बनाने में इस्तेमाल सामग्री किस मूल की है। इसके लिए ग्राहक को पैकेट पर लिखी हर चीज या बारीक अक्षरों में लिखे इंग्रीडिएंट्स का मतलब समझने की जरूरत नहीं होगी। सामने लगा निशान देखकर ही वह इसकी तुरंत पहचान कर सकेगा।

किन उत्पादों पर दिखेगा निशान?

यह नियम साबुन, शैंपू, टूथपेस्ट के अलावा दूसरे कॉस्मेटिक्स (सौंदर्य प्रसाधन) और टॉयलेटरी उत्पादों पर लागू होगा। इन सामान के पैकेट के मुख्य डिस्प्ले पैनल के सबसे ऊपर यह निशान लगाया जाना है:

  • हरी बिंदी (Green Dot): उत्पाद पूरी तरह से शाकाहारी मूल का है।
  • लाल या भूरी बिंदी (Red/Brown Dot): उत्पाद में इस्तेमाल सामग्री मांसाहारी मूल की है।

सरकार का कहना है कि इस तरह पैकेट देखकर उत्पाद की प्रकृति समझना आसान होगा। यानी अब पैकेट पर यह जानकारी किसी को ढूंढनी नहीं पड़ेगी, नजर सीधे उस निशान पर जाएगी और उत्पाद की पहचान हो जाएगी।

पैकेट पर कहां लगा होगा निशान?

नियम के मुताबिक यह बिंदी पैकेट के मुख्य डिस्प्ले पैनल के सबसे ऊपर लगानी होगी। इसका मकसद यह है कि ग्राहक को पैकेट देखते ही उत्पाद की प्रकृति की जानकारी मिल सके।

अब 21 सितंबर 2026 को जारी नई अधिसूचना में सरकार ने इस प्रावधान को Legal Metrology (Packaged Commodities) Rules, 2011 के नियम 6 में नए तरीके से शामिल किया है। इसमें साफ कहा गया है कि ऐसे उत्पादों के पैकेज पर मुख्य डिस्प्ले पैनल के सबसे ऊपर संबंधित डॉट लगाया जाएगा।

ग्राहक के लिए इसका मतलब क्या है?

सीधी सी बात है कि रोजमर्रा की इन चीजों को खरीदते वक्त पैकेट पर एक और जानकारी साफ दिखाई देगी। इससे जिन ग्राहकों के लिए उत्पाद में इस्तेमाल सामग्री का शाकाहारी या मांसाहारी मूल जानना जरूरी है, उन्हें पहचान करने में आसानी होगी।

इसलिए अगली बार साबुन, शैंपू या टूथपेस्ट खरीदते समय पैकेट के सामने वाले हिस्से पर जरूर नजर डालिए। ऊपर लगा छोटा सा हरा, लाल या भूरा डॉट आपको उत्पाद की प्रकृति के बारे में पूरी जानकारी दे देगा।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment