श्रीगंगानगर: मांझूवास GSS में भयंकर आग, मुख्य ट्रांसफार्मर जलकर खाक, क्षेत्र में गहराया बिजली संकट

Ravindar Kumar
2 Min Read

श्रीगंगानगर जिले के पदमपुर क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। मांझूवास स्थित 33/11 केवी जीएसएस (Grid Sub-Station) में बुधवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में जीएसएस का मुख्य ट्रांसफार्मर (Main Transformer) पूरी तरह जलकर राख हो गया है, जिससे विभाग को लाखों का नुकसान हुआ है और क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।

शॉर्ट सर्किट से भड़की चिंगारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मांझूवास से 34 LLP कच्चे रास्ते पर स्थित जीएसएस में यह हादसा बुधवार दोपहर करीब 3:00 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि तकनीकी खराबी के चलते शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल आग का रूप ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वहां मौजूद कर्मचारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और आग ने पूरे मुख्य ट्रांसफार्मर को अपनी चपेट में ले लिया।

अंधेरे में डूबा क्षेत्र, आपूर्ति बहाल होने में लगेगा समय

मेन ट्रांसफार्मर के जल जाने से मांझूवास और आसपास के दर्जनों गांवों और ढाणियों की बिजली गुल हो गई है। तकनीकी विशेषज्ञों के मुताबिक, ट्रांसफार्मर में हुआ नुकसान काफी ज्यादा है। इसे बदलने या मरम्मत करने में लंबा समय लग सकता है, जिसके चलते उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

मौके पर पहुंचे अधिकारी

आग की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया। कनिष्ठ अभियंता (JEN), लाइनमैन और तकनीकी कर्मचारियों की टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची। फिलहाल आग पर काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि वैकल्पिक स्रोतों से बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं, लेकिन पूर्ण बहाली में वक्त लगेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *