सिरोही: राजस्थान के सिरोही जिले के रेवदर क्षेत्र अंतर्गत उडवारिया गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की घोर कमी के चलते विद्यार्थियों और ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। विद्यालय में पढ़ाई पूरी तरह ठप होने से नाराज छात्रों और स्थानीय ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और धरने पर बैठ गए।
22 में से 11 पद खाली, बोर्ड कक्षाओं की पढ़ाई प्रभावित
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों के कुल 22 पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में केवल 11 शिक्षक ही कार्यरत हैं, जबकि बाकी 11 पद लंबे समय से खाली चल रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने बताया कि कक्षा 6 से 12वीं तक अंग्रेजी विषय पढ़ाने के लिए स्कूल में एक भी शिक्षक तैनात नहीं है। अंग्रेजी और अन्य विषयों के शिक्षक न होने के कारण बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर लग गया है और उनकी नियमित कक्षाएं नहीं हो पा रही हैं।
15 दिनों से दे रहे थे ज्ञापन, अनसुनी पर उठाया कदम
ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले करीब 15 दिनों से लगातार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर खाली पदों पर नए शिक्षकों की नियुक्ति की मांग कर रहे थे। बार-बार गुहार लगाने और आश्वासन मिलने के बावजूद जब कोई समाधान नहीं निकला, तो विद्यार्थियों ने मजबूरन स्कूल में तालाबंदी कर विरोध जताने का यह कड़ा फैसला लिया।
मौके पर पहुंची अनादरा पुलिस
स्कूल में तालाबंदी और धरने की सूचना मिलते ही अनादरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों से समझाइश करने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी छात्र और ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। उनका साफ कहना है कि जब तक स्कूल में स्वीकृत पदों के अनुसार शिक्षकों की पक्की नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। फिलहाल, क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और सबकी नजरें शिक्षा विभाग के अगले कदम पर टिकी हैं।