सांभर महोत्सव का भव्य आगाज: ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन बन रहा सांभर; उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया उद्घाटन

जयपुर/सांभर: राजस्थान की विश्व प्रसिद्ध खारे पानी की झील सांभर अब अपनी ख्याति में एक और नया अध्याय जोड़ रही है। शनिवार को झपोक में उपमुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री दिया कुमारी ने पांच दिवसीय ‘सांभर महोत्सव-2025’ (27 से 31 दिसंबर) का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने ऐलान किया कि सांभर अब वैश्विक पर्यटन मंच (Global Tourist Destination) पर अपनी अलग पहचान बना चुका है।

अद्वितीय सौंदर्य और विदेशी मेहमान (पक्षी) महोत्सव का उद्घाटन करते हुए दिया कुमारी ने कहा कि सांभर की पहचान इसका अद्वितीय प्राकृतिक सौंदर्य है। उन्होंने कहा, “शीत ऋतु में यूरोप और उत्तरी एशिया से आने वाले हजारों पक्षी, विशेषकर ग्रेटर फ्लेमिंगो (Greater Flamingo), सांभर को वैश्विक पहचान दिलाते हैं। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार फेस्टिवल और भी भव्य है।”

एडवेंचर का हब बना सांभर महोत्सव के पहले दिन झपोक में पर्यटकों का भारी जमावड़ा दिखा। सैलानी यहां विभिन्न एडवेंचर गतिविधियों का आनंद लेते नजर आए:

  • पैरा सेलिंग, पैरा मोटरिंग और पैराग्लाइडिंग
  • जीप सफारी और एटीवी (ATV) राइड
  • बैलून राइड और साइकिलिंग
  • ऊंट और घोड़े की सवारी

इसके अलावा, फैंसी पतंग प्रदर्शनी और ‘नमक प्रसंस्करण यात्रा’ (Salt Processing Tour) भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रही।

सोशल मीडिया पर छाने की अपील उपमुख्यमंत्री ने पर्यटकों से आह्वान किया कि वे सांभर के सौंदर्य, फोटो और वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर जरूर अपलोड करें, ताकि दुनिया इस खूबसूरती को देख सके। उन्होंने डाक कार्ड (Postal Cards) का विमोचन भी किया और विकास कार्यों को लेकर कहा कि यहाँ सड़क कनेक्टिविटी को लगातार बेहतर किया जा रहा है।

आने वाले दिनों में क्या रहेगा खास? (28-31 दिसंबर) सांभर महोत्सव में अगले चार दिन सांस्कृतिक सुरों और रोमांच से भरे रहेंगे:

  • 28 दिसंबर: मोती खान द्वारा सेलिब्रिटी नाइट।
  • 29 दिसंबर: रैपरिया बालम (Rapperariya Baalam) की प्रस्तुति।
  • 30 दिसंबर: श्री महावीर नाथ द्वारा राजस्थानी लोक संगीत।
  • अन्य आकर्षण: नाइट स्काई वाचिंग (Star Gazing), देवयानी कुंड पर दीपोत्सव व महाआरती, हेरिटेज वॉक और ट्रेन से नमक झील का दौरा।

इस अवसर पर पूर्व विधायक निर्मल कुमावत, अतिरिक्त जिला कलेक्टर आशीष कुमार और पर्यटन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!