शर्मनाक: जिस महापुरुष को दुनिया पूजती है, विधायक ने उनकी जयंती को पुण्यतिथि बताकर किया नमन

भीलवाड़ा, राजस्थान के भीलवाड़ा जिले की सहाड़ा विधानसभा सीट से विधायक लादू लाल पितलिया एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। अपनी कार्यशैली और बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले विधायक पितलिया ने इस बार सोशल मीडिया पर एक ऐसी बड़ी गलती कर दी है, जिसकी राजनीतिक गलियारों में जबरदस्त चर्चा हो रही है।

क्या है पूरा मामला?

आज पूरे विश्व में युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की जयंती मनाई जा रही है। इस अवसर पर विधायक लादू लाल पितलिया ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से स्वामी विवेकानंद को नमन करते हुए एक पोस्ट साझा की। लेकिन, जयंती (जन्म दिवस) के अवसर पर शुभकामना देने के बजाय विधायक ने ‘पुण्यतिथि पर सादर नमन’ वाली फोटो और संदेश पोस्ट कर दिया।

सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग शुरू जैसे ही यह पोस्ट सार्वजनिक हुई, यूजर्स ने इसकी कमियां पकड़ लीं। हालांकि, बाद में स्थिति को भांपते हुए सुधार के प्रयास किए गए, लेकिन तब तक इस पोस्ट के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। लोग विधायक की इस लापरवाही को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

पहले भी रह चुके हैं विवादों में यह पहला मौका नहीं है जब विधायक लादू लाल पितलिया सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवादों में घिरे हों। इससे पहले भी उनके आधिकारिक हैंडल्स से गलत जानकारी या त्रुटिपूर्ण पोस्ट साझा होने के कारण उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा है। राजनीतिक हलकों में भी इस बात की चर्चा है कि जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति की टीम द्वारा इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई।

फिलहाल, स्वामी विवेकानंद जैसे महान व्यक्तित्व के जन्म दिवस को पुण्यतिथि बताने वाली यह पोस्ट विधायक के लिए गले की फांस बन गई है।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!