जयपुर: राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम (RVUN) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) देवेंद्र श्रृंगी ने प्रदेश की बिजली व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। सोमवार और मंगलवार को उन्होंने 1240 मेगावाट के कोटा थर्मल और 2320 मेगावाट के छबड़ा ताप विद्युत गृहों का सघन निरीक्षण किया। आगामी रबी सीजन में बिजली की भारी मांग को देखते हुए यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है।
सभी इकाइयों से पूर्ण क्षमता पर उत्पादन के कड़े निर्देश

निरीक्षण के दौरान सीएमडी श्रृंगी ने उत्पादन व्यवस्था और परिचालन तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने प्लांट के वरिष्ठ अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि रबी सीजन में बिजली की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी इकाइयों का बेहतर रखरखाव करते हुए उन्हें पूर्ण क्षमता (100%) के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश की बढ़ती विद्युत आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए मशीनों की विश्वसनीयता बनाए रखना सबसे जरूरी है।
कोयला स्टॉक पर विशेष नजर, आपूर्ति बढ़ाने पर जोर
बिजली संकट से बचने के लिए कोयले की पर्याप्त उपलब्धता सबसे बड़ा कारक है। इसे ध्यान में रखते हुए सीएमडी ने दोनों प्लांट्स के कोयला स्टॉक का ग्राउंड जीरो पर जाकर जायजा लिया। दैनिक खपत और आपूर्ति का विस्तृत विश्लेषण करते हुए उन्होंने भविष्य की मांग के अनुरूप पर्याप्त कोयला भंडार सुरक्षित करने के निर्देश दिए हैं ताकि उत्पादन में कोई भी बाधा उत्पन्न न हो।
कोटा में BESS और ETP प्रोजेक्ट्स को जल्द पूरा करने का अल्टीमेटम

सीएमडी ने कोटा थर्मल परिसर में बन रहे एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ETP) की प्रगति रिपोर्ट जांची और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सकतपुरा में बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) के निर्माण और स्थापना कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा करने का आदेश दिया। प्रशिक्षण केंद्र का भी दौरा कर उन्होंने कार्मिकों के तकनीकी कौशल को और उन्नत बनाने पर बल दिया।
छबड़ा में डीएम-आरओ संयंत्र की हुई जांच
छबड़ा थर्मल के दौरे पर उन्होंने डीएम-आरओ (विलवणीकरण एवं विपरीत परासरण) संयंत्र के सुचारु और प्रभावी संचालन के निर्देश दिए। इस पूरे निरीक्षण के दौरान दोनों विद्युत गृहों के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और सीएमडी को हर मोर्चे पर मुस्तैद रहने का भरोसा दिलाया। उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिले, इसके लिए अब विभाग युद्ध स्तर पर तैयारियों में जुट गया है।