जयपुर: राजस्थान के लाखों युवा अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने स्पष्ट कर दिया है कि वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा विभाग) भर्ती परीक्षा-2025 अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएगी। आयोग ने पुष्टि की है कि परीक्षा 12 जुलाई 2026 से 18 जुलाई 2026 तक आयोजित होगी।
पदों की संशोधित संख्या और शुद्धि-पत्र इस भर्ती में अब कुल 9,651 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आयोग ने स्पष्ट किया कि पहले पदों की संख्या को बढ़ाकर 10,537 कर दिया गया था, लेकिन नियमों के अनुसार मूल पदों में अधिकतम 50 प्रतिशत तक ही वृद्धि संभव होने के कारण, अब संशोधित शुद्धि-पत्र जारी कर कुल पदों की संख्या 9,651 निर्धारित की गई है। इस संबंध में संशोधित शुद्धि-पत्र संख्या 11/2026-27 जारी किया गया है।

विषयवार पदों का विवरण आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, भर्ती में विषयों के आधार पर पदों का आवंटन इस प्रकार है:
- गणित: 2,076 पद
- विज्ञान: 2,031 पद
- अंग्रेजी: 1,956 पद
- हिंदी: 1,577 पद
- संस्कृत: 1,323 पद
- सामाजिक विज्ञान: 600 पद
- उर्दू: 71 पद
- पंजाबी: 14 पद
- सिंधी: 2 पद
- गुजराती: 1 पद
भर्ती प्रक्रिया का संक्षिप्त इतिहास इस भर्ती का मूल विज्ञापन (संख्या 07/2025-26) 17 जुलाई 2025 को 6,500 पदों के लिए जारी किया गया था, जिसके लिए आवेदन प्रक्रिया 19 अगस्त से 17 सितंबर 2025 तक चली थी। इस भर्ती परीक्षा के लिए 12 लाख 30 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। जयपुर खंडपीठ में परीक्षा स्थगित करने संबंधी याचिकाओं पर सुनवाई के बाद आयोग ने अपना पक्ष रखते हुए स्पष्ट किया है कि विज्ञापन की अन्य सभी शर्तें यथावत रहेंगी।
