RBI का बड़ा कदम: भारत में जल्द चलेंगे प्लास्टिक नोट! पॉलीमर शीट के लिए वैश्विक निविदाएं आमंत्रित, जानिए आम जनता को क्या होगा फायदा

जयपुर। भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने देश की करेंसी को अधिक सुरक्षित, टिकाऊ और आधुनिक बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। भारतीय रिज़र्व बैंक नोट मुद्रण प्राइवेट लिमिटेड (BRBNMPL), बेंगलुरु ने 17 जुलाई, 2026 को एक आधिकारिक विज्ञापन जारी कर भारतीय बैंक नोटों की छपाई के लिए ‘ओपेसिफाइड पॉलिमर सब्सट्रेट शीट्स’ के निर्माण और आपूर्ति के लिए वैश्विक रुचि की अभिव्यक्ति EOI आमंत्रित की है। इस कदम से यह साफ हो गया है कि भारत में जल्द ही पारंपरिक कागजी नोटों की जगह आधुनिक प्लास्टिक (पॉलीमर) नोट देखने को मिल सकते हैं।

कागज़ के नोटों से कैसे अलग होंगे ये प्लास्टिक नोट:-

वर्तमान में भारतीय करेंसी नोट मुख्य रूप से कपास (कॉटन) से बने विशेष कागज़ पर छापे जाते हैं। इसके विपरीत, नए नोट एक विशेष सिंथेटिक प्लास्टिक सामग्री (पॉलीमर) से तैयार किए जाएंगे। ये नोट छूने और दिखने में काफी हद तक मौजूदा नोटों जैसे ही होंगे। प्लास्टिक नोटों में पारदर्शी विंडो (Transparent Window) और एडवांस होलोग्राफिक फीचर्स जैसे आधुनिक सुरक्षा उपाय आसानी से शामिल किए जा सकते हैं, जिनकी नकल करना या जाली नोट बनाना नामुमकिन के बराबर होगा।

क्यों पड़ी प्लास्टिक नोटों की जरूरत:-

आरबीआई द्वारा प्लास्टिक नोटों को अपनाने के पीछे दो सबसे मुख्य कारण हैं: स्थायित्व (Durability) और सुरक्षा (Security)। पारंपरिक कागजी नोट पसीने, पानी, नमी और लगातार इस्तेमाल की रगड़ से जल्दी खराब हो जाते हैं। इसके विपरीत, प्लास्टिक नोट पूरी तरह वॉटरप्रूफ होते हैं और आसानी से कटते-फटते नहीं हैं। कागजी नोटों के जल्दी खराब होने के कारण आरबीआई को हर साल पुराने नोटों को बदलने और नए नोट छापने पर भारी-भरकम रकम खर्च करनी पड़ती है. प्लास्टिक नोट आने से इस खर्च में भारी कटौती होगी।

-जाली नोटों पर पूर्ण लगाम: इन नोटों में बेहद जटिल सुरक्षा विशेषताएं शामिल की जा सकेंगी, जिससे देश में नकली नोटों के कारोबार पर पूरी तरह से लगाम लगाई जा सकेगी।

क्या है टेंडर की प्रक्रिया:-

BRBNMPL द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, पात्र और वास्तविक वित्तीय व संसाधन-संपन्न बोलीदाता अपने पूर्ण प्रस्ताव भौतिक माध्यम से मुख्य महाप्रबंधक, कॉर्पोरेट कार्यालय, बेंगलुरु के पते पर 18 अगस्त, 2026 को सुबह 11:00 बजे या उससे पहले जमा कर सकते हैं। इन प्राप्त निविदाओं को उसी दिन सुबह 11:30 बजे खोला जाएगा। इस प्रक्रिया से जुड़ी पात्रता मानदंड और अन्य विवरण आधिकारिक वेबसाइट www.brbnmpl.co.in पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।

ब्यूरो रिपोर्ट, Expose Now


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment