जयपुर, ‘विकसित भारत–विकसित राजस्थान’ के संकल्प को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए राजस्थान सरकार इस वर्ष ‘राज्य युवा महोत्सव–2026’ का भव्य आयोजन करने जा रही है। यह राज्य स्तरीय समारोह 7 से 12 जनवरी तक जयपुर के ऐतिहासिक सवाई मानसिंह (SMS) स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
तैयारियों की समीक्षा और दिशा-निर्देश युवा मामले एवं खेल विभाग के शासन सचिव डॉ. नीरज के. पवन ने शुक्रवार को एसएमएस स्टेडियम में तैयारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं ताकि कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाया जा सके। महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग और तकनीकी सहयोग के लिए DOIT को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।
महोत्सव के मुख्य आकर्षण:
- प्रदर्शनी और करियर काउंसलिंग: विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं की जानकारी के साथ युवाओं के लिए रोजगार मार्गदर्शन और करियर काउंसलिंग के स्टॉल लगाए जाएंगे।
- हॉट बाजार और स्टार्टअप: स्थानीय उत्पादों के लिए हॉट बाजार और नए उद्यमियों के लिए ‘स्टार्टअप आइडियाथॉन’ का आयोजन होगा।
- साहसिक खेल और संस्कृति: साहसिक खेल गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पुलिस और एमजीडी बैंड की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण होंगे।
- पंच गौरव योजना: इसके तहत जयपुर जिले की विशेष उपज, उत्पाद, खेल और पर्यटन से संबंधित विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
पुरस्कारों की बौछार राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभा दिखाने वाले युवाओं को नकद पुरस्कारों से नवाजा जाएगा:
- प्रथम स्थान: 50,000 रुपये
- द्वितीय स्थान: 25,000 रुपये
- तृतीय स्थान: 10,000 रुपये
- यूथ आइकॉन अवार्ड: विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं को 1 लाख रुपये का प्रतिष्ठित ‘यूथ आइकॉन अवार्ड’ भी प्रदान किया जाएगा।
यह महोत्सव केवल जयपुर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका आयोजन प्रदेश के सभी जिलों और संभागों में भी किया जाएगा, जिससे ग्रामीण और शहरी प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच मिल सके।

