दिल्ली के बीकानेर हाउस में ‘मिनी राजस्थान’: CM भजनलाल ने किया ‘राजस्थान उत्सव 2026’ का भव्य आगाज़

Rakhi Singh
2 Min Read

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में राजस्थानी संस्कृति, शिल्प और परंपराओं का रंग गहराने लगा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार शाम नई दिल्ली स्थित बीकानेर हाउस में ‘राजस्थान दिवस’ के उपलक्ष्य में आयोजित “राजस्थान उत्सव 2026” का भव्य शुभारंभ किया। 15 मार्च से शुरू हुआ यह उत्सव आगामी 25 मार्च तक चलेगा, जहाँ दिल्लीवासी और विदेशी पर्यटक राजस्थान की समृद्ध विरासत से रूबरू हो सकेंगे।

संस्कृति ही हमारी वैश्विक पहचान

शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की लोक परंपराएं और कला-संस्कृति केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि हमारी गौरवशाली पहचान का आधार हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बीकानेर हाउस में आयोजित यह उत्सव देश-विदेश के लोगों को राजस्थान की जीवंत विरासत से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।

राजीविका दीदियों और शिल्पकारों से संवाद

मुख्यमंत्री ने उत्सव में लगाए गए विभिन्न स्टॉल्स का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने राजीविका (Rajeevika) और ग्रामीण गैर-कृषि विकास एजेंसी (रूडा) की महिला स्वयं सहायता समूहों की दीदियों और शिल्पकारों से आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री ने न केवल उनके उत्पादों की सराहना की, बल्कि उनकी कार्य प्रक्रिया और अनुभवों को भी जाना। उन्होंने कहा कि सरकार इन समूहों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां उत्सव के पहले ही दिन राजस्थानी लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से आगंतुकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

  • मटका भवाई नृत्य: अलवर के वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर प्रवीण प्रजापत ने पारंपरिक मटका भवाई नृत्य पेश किया।
  • ब्रज के रंग: कलाकार विष्णु दत्त शर्मा द्वारा प्रस्तुत ‘मयूर नृत्य’ और ‘फूलों की होली’ ने बीकानेर हाउस को फागुनी रंगों से सराबोर कर दिया।
  • फोटोग्राफी प्रदर्शनी: मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लोकजीवन और ऐतिहासिक धरोहरों पर आधारित एक विशेष फोटोग्राफी प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया।

इस गरिमामयी समारोह में सांसद मदन राठौड़, घनश्याम तिवाड़ी, पी.पी. चौधरी, दामोदर अग्रवाल सहित मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और कई वरिष्ठ अधिकारी व कलाकार मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *