वीर बाल दिवस पर CM भजनलाल की बड़ी घोषणा: राजस्थान के स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल होगी साहिबजादों की वीर गाथा; सिख छात्रों के लिए हॉस्टल को भी मंजूरी

जयपुर: सिख धर्म के दसवें गुरु, गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों—बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह—की शहादत को नमन करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को एक बड़ा एलान किया है। ‘वीर बाल दिवस’ (Veer Bal Diwas) के अवसर पर राजापार्क स्थित श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा में मत्था टेकने पहुंचे सीएम शर्मा ने घोषणा की कि राजस्थान सरकार गुरु गोबिंद सिंह और उनके साहिबजादों की बहादुरी की गाथा को स्कूली पाठ्यक्रम (School Syllabus) में शामिल करेगी।

युवा पीढ़ी को मिलेगी प्रेरणा मुख्यमंत्री ने संगत को संबोधित करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी को यह जानना अत्यंत आवश्यक है कि कैसे धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए गुरु गोबिंद सिंह जी ने अपना पूरा परिवार न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा, “साहिबजादों के त्याग और बलिदान की कहानियां पाठ्यक्रम का हिस्सा बनेंगी, जिससे बच्चों को राष्ट्र प्रेम और धर्म के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिल सके।” इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने सिख समुदाय के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए छात्रावास (Hostel) हेतु भूमि आवंटन को मंजूरी देने की भी जानकारी दी।

‘चार मुए तो क्या हुआ, जीवित कई हजार’ शहादत को याद करते हुए मुख्यमंत्री भावुक हो गए। उन्होंने गुरु गोबिंद सिंह जी को ‘सरबंसदानी’ बताते हुए कहा कि दुनिया के इतिहास में ऐसा त्याग कहीं नहीं मिलता। उन्होंने गुरु जी के उस कथन को भी दोहराया— “चार मुए तो क्या हुआ, जीवित कई हजार”। यानी अगर मेरे चार बेटे धर्म की रक्षा में बलिदान हो गए तो क्या हुआ, मेरे देश के हजारों बेटे अभी भी जीवित हैं। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दिन को ‘वीर बाल दिवस’ घोषित कर इस बलिदान को जन-जन तक पहुंचाया है।

शांति और सद्भाव की अरदास इससे पहले, मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारे में मत्था टेका और देश-प्रदेश में अमन, चैन और खुशहाली के लिए अरदास की। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने मुख्यमंत्री को गुरु गोबिंद सिंह और साहिबजादों की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, पूर्व मंत्री सुरेंद्र पाल सिंह टीटी, राजस्थान सिख समाज के अध्यक्ष अजयपाल सिंह और राज्य अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष जसबीर सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!