जयपुर: फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ के प्रमोशन के सिलसिले में जयपुर पहुंचे जाने-माने अभिनेता राघव जुयाल, अभिनेत्री निहारिका और कॉमेडियन अभिनेता विकल्प मेहता ने गुरुवार को जगतपुरा स्थित वीवा सिटी मॉल के डीडी सिनेमा में मीडिया से खुलकर बातचीत की। इस दौरान कलाकारों ने फिल्मों के अलावा सामाजिक मुद्दों, पर्यावरण संरक्षण और मीडिया की भूमिका पर अपने बेबाक विचार रखे।

जंतर-मंतर के स्टूडेंट्स के समर्थन में उतरे राघव जुयाल
दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे स्टूडेंट्स के आंदोलन के सवाल पर राघव जुयाल ने खुलकर समर्थन किया। उन्होंने कहा, “जो स्टूडेंट्स जंतर-मंतर पर बैठे हैं, वह आंदोलन हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए है, मेरे फ्यूचर किड्स के लिए है। ऐसे में उन्हें कैसे न सपोर्ट करूं? ये जेन-जी बिल्कुल अलग है, ये खुद के लिए नहीं, बल्कि सोसाइटी के लिए आंदोलन कर रहे हैं।”
वहीं, अभिनेत्री निहारिका ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी भी आंदोलन या घटना में लोगों को नुकसान पहुंचना स्वीकार्य नहीं है, लेकिन बदलाव लाने की ताकत रखने वाले जिम्मेदार लोगों से भी ऐसे सवाल पूछे जाने चाहिए। निहारिका बोलीं- यह मेरा पहला जयपुर दौरा है। मेरी मां हमेशा जयपुर घूमने की इच्छा जताती थीं, इसलिए यहां आकर मुझे बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने कहा- राघव जुयाल के साथ काम करना मेरे लिए शानदार अनुभव रहा।

पत्रकारिता और मीडिया पर बेबाक राय
मीडिया की भूमिका पर बात करते हुए राघव जुयाल ने कहा कि पत्रकार अक्सर कलाकारों से कड़े सवाल पूछते हैं, लेकिन निर्णय लेने वाले लोगों से उतनी मजबूती से सवाल नहीं किए जाते। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है, लेकिन कुछ सालों में यह थोड़ा कमजोर हुआ है। उन्होंने तंज कसते हुए यह भी कहा कि आज कई बार टीवी न्यूज चैनलों और सास-बहू के सीरियलों में ज्यादा फर्क नहीं रह गया है, जबकि न्यूज का असली उद्देश्य लोगों को जागरूक करना होना चाहिए।
Expose Now के सवाल पर पर्यावरण संरक्षण पर रखी बात
Expose Now के सवाल पर अभिनेता राघव जुयाल और विकल्प मेहता ने पर्यावरण संरक्षण पर अपने विचार साझा किए।

- राघव जुयाल ने कहा कि पेड़ काटना किसी भी स्थिति में गलत है। उन्होंने स्वीडन का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां सड़क बनाने के लिए पेड़ नहीं काटे गए, बल्कि सड़क को पेड़ों के आसपास से निकाला गया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक फेंकना, नदियों को गंदा करना और प्रकृति को नुकसान पहुंचाना राजनीति का नहीं, बल्कि नैतिक जिम्मेदारी का विषय है।
- वहीं, विकल्प मेहता ने पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए बताया कि उन्होंने अपने गांव में जमीन खरीदकर एक फार्महाउस बनाया है, जिसमें बड़ी संख्या में पेड़-पौधे लगाए हैं। उन्होंने कहा कि शहर के शोर-शराबे से दूर सुकून की तलाश और बचपन जैसा स्वास्थ्यवर्धक वातावरण पाने के लिए उन्होंने यह पहल की है। विकल्प की इस पहल को सराहते हुए राघव और निहारिका ने भी उनके फार्महाउस पर जाने की इच्छा जताई।

जयपुर से पुराना नाता और फिल्मी सफर
राजस्थान के पाली जिले से ताल्लुक रखने वाले विकल्प मेहता ने कहा कि जयपुर उनका दूसरा घर है। उन्होंने अपने करियर का पहला इवेंट यहीं किया था और आज भी अपने अधिकांश डांस वीडियो इसी शहर में शूट करते हैं। इस फिल्म में विकल्प अक्षय कुमार की मिमिक्री करते नहीं, बल्कि अपनी एक्टिंग का हुनर दिखाते हुए नजर आएंगे।

वहीं, राघव जुयाल ने बचपन की यादें ताजा करते हुए बताया कि उनके जीवन का पहला पारिवारिक वेकेशन जयपुर में ही हुआ था और यहां की ‘दाल-बाटी-चूरमा’ उनका पसंदीदा भोजन है। अपने 16 साल के संघर्ष के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि फिल्म ‘किल’ में नकारात्मक भूमिका निभाकर उन्होंने अपनी छवि बदली और अब ‘भाई तेरा स्टार है’ के जरिए दर्शकों के सामने नए अंदाज में आ रहे हैं। इस दौरान कलाकारों ने अपनी फिल्म के गाने पर शानदार डांस कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
