जयपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के तहत देशभर के करोड़ों किसानों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। केंद्र सरकार 20 जून 2026 को योजना की 23वीं किस्त जारी करेगी। इस दौरान पात्र किसानों के बैंक खातों में 2,000 रुपये की राशि सीधे डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी जाएगी।
राजस्थान में इस योजना का लाभ 66 लाख से अधिक किसानों को मिलने की उम्मीद है। पिछली यानी 22वीं किस्त के दौरान राज्य के 66.76 लाख किसानों के खातों में 1,355 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई थी।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में दी जाती है। यह राशि हर चार महीने में 2,000 रुपये की तीन किस्तों के रूप में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है।
ई-केवाईसी और भू-सत्यापन जरूरी
केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों को ई-केवाईसी (e-KYC), आधार लिंकिंग और भू-सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। जिन किसानों ने अभी तक ये औपचारिकताएं पूरी नहीं की हैं, उनकी किस्त अटक सकती है।
किसान पीएम-किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना स्टेटस चेक कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें ‘फार्मर्स कॉर्नर’ में जाकर ‘नो योर स्टेटस’ विकल्प चुनना होगा। इसके बाद पंजीकरण संख्या या मोबाइल नंबर दर्ज कर लाभार्थी सूची और भुगतान की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
ऐसे करें ई-केवाईसी
किसान ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से OTP आधारित ई-केवाईसी कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन भी कराया जा सकता है। सरकार ने सभी लाभार्थियों से जल्द से जल्द ई-केवाईसी पूरी करने की अपील की है, ताकि किस्त समय पर उनके खाते में पहुंच सके।
गौरतलब है कि पीएम-किसान योजना वर्ष 2019 में शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, जिससे वे खेती-किसानी से जुड़े खर्चों को आसानी से पूरा कर सकें। वर्तमान में देशभर के 9 करोड़ से अधिक किसान इस योजना का लाभ उठा रहे हैं।