जयपुर/उदयपुर: राजस्थान में नशे के सौदागरों के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने अब तक का सबसे बड़ा और सनसनीखेज प्रहार किया है। ANTF की टीम ने ‘ऑपरेशन गांजरगांव’ के तहत उदयपुर जिले के कोटड़ा थाना क्षेत्र में दबिश देकर सामान्य फसलों की आड़ में उगाई जा रही गांजे की विशाल खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 10 बीघा कृषि भूमि में खड़े 7,577 गांजे के हरे पौधों को उखाड़कर मौके पर ही जलाकर खाक कर दिया। नष्ट की गई इस फसल की अनुमानित बाजार कीमत करीब 12 करोड़ रुपये आंकी गई है।
1 महीने तक सादा कपड़ों में ‘सूंघती’ रही ANTF, सही वक्त आते ही डाला हाथ
ANTF के पुलिस महानिरीक्षक (IG) विकास कुमार ने बताया कि कोटड़ा क्षेत्र के खेतों में गांजे की अवैध खेती की गुप्त सूचना मिली थी। खबर पक्की करते ही ANTF की भीलवाड़ा, उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और जयपुर टीमों ने NCB के साथ मिलकर एक संयुक्त जाल बिछाया।
पुलिस ने जल्दबाजी करने के बजाय लगभग एक महीने तक सादा कपड़ों में गुप्त निगरानी रखी। ANTF की टीमें चुपचाप खेतों और आसपास की गतिविधियों पर नजर बनाए रहीं। जैसे ही फसल पककर तैयार हुई और बाजार में सप्लाई के लिए कटने वाली थी, ANTF ने सटीक रणनीति के तहत अचानक छापा मार दिया।
रात के अंधेरे में फसल काटने की कोशिश, मुस्तैद टीमों ने किया नाकाम
पुलिस की भनक लगते ही नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया। शातिर तस्करों ने कार्रवाई से बचने के लिए रात के अंधेरे में ही गांजे की फसल को आनन-फानन में काटकर गायब करने का प्रयास किया। लेकिन पहले से ही सतर्क और मुस्तैद ANTF की टीमों ने तस्करों के इस पैंतरे को नाकाम कर दिया और पूरे खेत को चारों तरफ से घेर लिया।
अनुमान के मुताबिक, इस 10 बीघा जमीन से लगभग 2,275 किलोग्राम संसाधित गांजा तैयार होना था। इसे सुखाकर न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि देश के अलग-अलग राज्यों और दूर-दराज के इलाकों में सप्लाई करने की बड़ी योजना बनाई गई थी। ANTF की इस ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ से नशे की इतनी बड़ी खेप बाजार में पहुंचने से पहले ही स्वाहा हो गई।
ANTF की पहली वर्षगांठ पर ‘750 करोड़’ का जादुई आंकड़ा पार!
ANTF के गठन का एक साल पूरा होने के शुभ अवसर पर पुलिस महकमे को यह बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस कार्रवाई के साथ ही ANTF द्वारा अब तक जप्त और नष्ट किए गए मादक पदार्थों का कुल मूल्य 750 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुका है। आईजी विकास कुमार ने इस ऐतिहासिक कार्रवाई में शामिल सभी टीमों को ANTF मुख्यालय में विशेष रूप से सम्मानित करने की घोषणा की है।
आमजन से अपील: तस्करों की दें सूचना, नाम रहेगा गुप्त
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को भी नशे के अवैध कारोबार या अपराधियों के संबंध में कोई जानकारी मिले, तो वे ANTF के कंट्रोल रूम या व्हाट्सएप नंबर पर निसंकोच सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
- कंट्रोल रूम नंबर: 0141-2502877
- व्हाट्सएप नंबर: 9261225056