जयपुर: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज अपने एक दिवसीय महत्वपूर्ण राजस्थान दौरे पर जयपुर पहुंचे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद मरुधरा की धरती पर यह उनका पहला आधिकारिक दौरा है। जयपुर एयरपोर्ट के स्टेट हैंगर पहुंचने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ की अगुवाई में उनका भव्य स्वागत किया गया।
एयरपोर्ट पर दिग्गजों का जमावड़ा:
नितिन नवीन की अगवानी के लिए एयरपोर्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल, डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा, मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ समेत कई दिग्गज नेता और सांसद मौजूद रहे। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा और नारों के साथ अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया।
टोंक से होगा संगठन का विस्तार:
जयपुर में स्वागत के बाद नितिन नवीन सीधे टोंक के लिए रवाना हुए। वे टोंक में नवनिर्मित जिला भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इसी मंच से वे बूंदी, प्रतापगढ़, बाड़मेर, चूरू, डूंगरपुर और पाली के जिला कार्यालयों का भी वर्चुअली उद्घाटन करेंगे, जबकि जालौर कार्यालय का शिलान्यास किया जाएगा। टोंक में वे एक विशाल ‘बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन’ को भी संबोधित करेंगे, जिसका सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जिलों में किया जाएगा।
राजनीतिक मायने और आगामी रणनीति:
नितिन नवीन का यह दौरा भाजपा की ‘विस्तारवादी’ नीति का हिस्सा माना जा रहा है। खासकर सचिन पायलट के गढ़ टोंक से अपने दौरे की शुरुआत करना विपक्ष को उनके घर में ही घेरने की रणनीति का संकेत है। दोपहर बाद वे जयपुर लौटेंगे, जहां भाजपा प्रदेश मुख्यालय में कोर कमेटी और प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठकें होंगी। इन बैठकों में सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय और आगामी उपचुनावों की रणनीति पर मंथन होगा।
