नीट स्टूडेंट्स के लिए NTA का बड़ा फैसला: एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए अब बैंक डिटेल की अनिवार्यता खत्म

कोटा। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने आगामी ‘री-नीट’ (Re-NEET) परीक्षा देने वाले देशभर के लाखों स्टूडेंट्स को एक बड़ी और बहुप्रतीक्षित राहत दी है। एनटीए ने एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया में बैंक खाते की जानकारी (Bank Details) को रिकन्फर्म या अपडेट करने की अनिवार्यता को तत्काल प्रभाव से खत्म कर दिया है।

इस अहम फैसले से उन लाखों स्टूडेंट्स के चेहरे पर खुशी लौट आई है, जो तकनीकी या व्यक्तिगत कारणों से अपनी बैंक डिटेल्स अपडेट नहीं कर पा रहे थे और इसके चलते अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में भारी परेशानी का सामना कर रहे थे।

6.5 लाख छात्रों ने नहीं किया था डाउनलोड

कोटा के एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि एनटीए द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस परीक्षा में शामिल होने वाले कुल 22.57 लाख स्टूडेंट्स में से लगभग 16 लाख अभ्यर्थी ही अब तक अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर पाए हैं। इसके बावजूद 6.5 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स ऐसे थे, जिनका एडमिट कार्ड बैंक डिटेल के पेंच के कारण अटका हुआ था।

क्यों खत्म करनी पड़ी यह अनिवार्यता?

दरअसल, एनटीए ने नीट की पंजीकरण फीस के संभावित रिफंड के लिए बैंक खाते की जानकारी को रिकन्फर्म करना अनिवार्य कर दिया था।

  • बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स ने एनटीए को ई-मेल और हेल्पलाइन के जरिए अवगत कराया था कि उन्हें बैंक डिटेल्स अपडेट करने में सर्वर या अन्य तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं।
  • अभ्यर्थियों ने मांग की थी कि उन्हें बैंक डिटेल्स अपडेट किए बिना भी एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की सुविधा दी जाए, ताकि अंतिम समय में उनकी परीक्षा की तैयारी प्रभावित न हो।
  • छात्रों की इसी परेशानी को गंभीरता से लेते हुए एनटीए ने बैंक डिटेल्स अपडेट करने की शर्त को हटा दिया है।

अब NTA ने दिए हैं ये 2 नए विकल्प

अब अभ्यर्थी बिना बैंक जानकारी अपडेट किए भी अपना एडमिट कार्ड आसानी से डाउनलोड कर सकेंगे। एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि एनटीए ने छात्रों की सुविधा के लिए पोर्टल पर दो विकल्प (Options) उपलब्ध कराए हैं:

  • पहला विकल्प: इस विकल्प के तहत स्टूडेंट सीधे तुरंत अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। वे अपनी बैंक खाते की जानकारी को परीक्षा के बाद या किसी भी अन्य समय रिकन्फर्म या अपडेट कर सकते हैं।
  • दूसरा विकल्प: यदि कोई स्टूडेंट चाहता है, तो वह पहले अपनी बैंक डिटेल्स को रिकन्फर्म या अपडेट कर सकता है और उसके बाद ही अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकता है।

21 जून को है पेन-पेपर मोड में परीक्षा

गौरतलब है कि नीट की यह री-परीक्षा 21 जून (रविवार) को ऑफलाइन यानी पेन-पेपर मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में अब बेहद कम समय बचा है। विशेषज्ञों ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड सबसे अनिवार्य दस्तावेज है, इसलिए किसी भी स्टूडेंट को ‘लास्ट मिनट’ (अंतिम समय) का इंतजार नहीं करना चाहिए और अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी एक विकल्प का चयन कर तुरंत अपना एडमिट कार्ड प्रिंट कर लेना चाहिए।

Share This Article
Leave a Comment