जयपुर। 3 मई को आयोजित होने वाली नीट यूजी परीक्षा को लेकर राजस्थान में व्यापक तैयारियां की गई हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने विशेष व्यवस्था करते हुए स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। उत्तर-पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल की सीनियर डीसीएम पूजा मित्तल के अनुसार, जयपुर-अलवर और चूरू-जयपुर रूट पर एक-एक ट्रिप की अनारक्षित एग्जाम स्पेशल ट्रेनें संचालित की जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों और उनके परिजनों को आवागमन में राहत मिलेगी।
राज्यभर में इस वर्ष 27 जिलों में कुल 611 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 2.09 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। जयपुर, सीकर और कोटा इस बार भी प्रमुख परीक्षा केंद्र के रूप में उभरे हैं, जिनमें जयपुर में सर्वाधिक 106 केंद्र बनाए गए हैं।

चूरू-जयपुर स्पेशल ट्रेन का संचालन
ट्रेन संख्या 09717 चूरू-जयपुर अनारक्षित एग्जाम स्पेशल ट्रेन 3 मई को सुबह 6:10 बजे चूरू जंक्शन से रवाना होकर सीकर होते हुए सुबह 11 बजे जयपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन बिसाऊ, रामगढ़ शेखावाटी, फतेहपुर शेखावाटी, लक्ष्मणगढ़, पलसाना, रींगस, गोविंदगढ़ मलिकपुर, चौमूं सामोद और ढेहर का बालाजी स्टेशन पर ठहराव करेगी।
जयपुर-अलवर स्पेशल ट्रेन का समय
ट्रेन संख्या 09719 जयपुर-अलवर अनारक्षित एग्जाम स्पेशल ट्रेन शाम 7:10 बजे जयपुर जंक्शन से रवाना होकर रात 10:55 बजे अलवर पहुंचेगी। इस दौरान ट्रेन गांधीनगर जयपुर, गैटोर जगतपुरा, खातीपुरा, बस्सी, दौसा, बांदीकुई, बसवा, राजगढ़ और मालाखेड़ा स्टेशन पर रुकेगी।
रेलवे के अनुसार, दोनों स्पेशल ट्रेनों में 10 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 12-12 कोच लगाए जाएंगे, ताकि अधिकतम यात्रियों को सुविधा मिल सके।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था कड़ी
नीट परीक्षा को देखते हुए सभी जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहेगा और अभ्यर्थियों की प्रवेश से पहले सघन जांच की जाएगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
परीक्षा के दिन बड़े शहरों में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ नियंत्रण और पार्किंग व्यवस्था के लिए अलग-अलग टीमें तैनात की जाएंगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी है।
ड्रेस कोड और आवश्यक निर्देश
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थी पारदर्शी पानी की बोतल लेकर जा सकते हैं। धार्मिक मान्यता से जुड़े वस्त्रों की अनुमति होगी, जबकि हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। आवश्यकता होने पर फुल स्लीव्स कपड़े भी पहन सकते हैं। फुटवियर में चप्पल या कम हील वाले सैंडल पहनने को प्राथमिकता दी गई है।
