Expose Now Exclusive: सीकर के इस सेंटर पर ‘नंबरों की बारिश’ या बड़ा खेल? एक ही केंद्र से 150 छात्र 600+ के पार!

सीकर/जयपुर। देशभर में NEET-UG 2024 के नतीजों पर मचे घमासान के बीच ‘Expose Now’ की टीम ने राजस्थान के सीकर स्थित एक ऐसे सेंटर का कच्चा चिट्ठा निकाला है, जिसके आंकड़े किसी भी निष्पक्ष दिमाग को हिला देने के लिए काफी हैं। श्री मंगल चंद डिडवानिया विद्या मंदिर (सेंटर कोड: 392311)—ये वो नाम है जो अब शक के घेरे में है। सोशल मीडिया और छात्र समुदायों के बीच इस सेंटर के नतीजों को लेकर तीखी बहस छिड़ गई है। डेटा के विश्लेषण से पता चलता है कि इस एक ही केंद्र से भारी संख्या में छात्रों ने असाधारण स्कोर किया है।

सेंटर का ‘जादुई’ रिपोर्ट कार्ड:-

उपलब्ध डेटा के अनुसार, इस सेंटर पर परीक्षा देने वाले छात्रों की क्रम संख्या (Sr. No.) और उनके अंकों के बीच एक चौंकाने वाला पैटर्न देखने को मिल रहा है। इस सेंटर से लगभग 150 छात्रों ने 720 में से 600 से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। सेंटर की लिस्ट देखने पर पता चलता है कि कई रोल नंबरों की सीरीज में लगातार छात्रों के अंक 650, 680 और 700 तक पहुंचे हैं।

उदाहरण:-

Sr. No. 661 ने 700 अंक प्राप्त किए।

Sr. No. 648 ने 700 अंक प्राप्त किए।

Sr. No. 73 ने 700 अंक प्राप्त किए।

Sr. No. 98 ने 705 अंक प्राप्त किए।

प्रमुख बिंदु जो पैदा करते हैं संदेह:-

एक ही सेंटर पर इतने सारे मेधावी छात्रों का एक साथ होना सांख्यिकीय रूप से दुर्लभ (Statistically Rare) माना जाता है। एक ही क्रम में बैठे कई छात्रों के अंक समान रूप से बहुत ऊंचे हैं, जो परीक्षा की शुचिता पर सवाल खड़े करता है।

क्या है छात्रों और विशेषज्ञों की मांग?


देशभर के नीट अभ्यर्थी और अभिभावक अब इस सेंटर की गहन जाँच की मांग कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर #NEETScam और #JusticeForNEETStudents के साथ इस सेंटर के डेटा को शेयर किया जा रहा है। “अगर एक ही सेंटर से इतने सारे छात्र 600+ अंक ला रहे हैं, तो यह नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की निगरानी व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। क्या यह सिर्फ कोचिंग का प्रभाव है या इसके पीछे कोई और खेल?” — एक असंतुष्ट अभ्यर्थी

निष्पक्ष जाँच की ज़रूरत:-

सीकर अपनी कोचिंग इंडस्ट्री के लिए मशहूर है, और यहाँ के छात्र कड़ी मेहनत करते हैं, इसमें कोई दो राय नहीं है। लेकिन मंगल चंद डिडवानिया विद्या मंदिर सेंटर के ये नतीजे सामान्य से बहुत अलग नजर आ रहे हैं।Expose Now की इस रिपोर्ट के माध्यम से हम प्रशासन और NTA से मांग करते हैं कि:

-इस सेंटर के सीसीटीवी फुटेज की जांच हो।

-छात्रों के पुराने शैक्षणिक रिकॉर्ड (10वीं और 12वीं के अंक) का मिलान उनके नीट स्कोर से किया जाए।

-उच्च स्कोर प्राप्त करने वाले छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं (OMR Sheets) का दोबारा बारीकी से निरीक्षण हो।

-क्या यह वाकई सीकर की प्रतिभा का चमत्कार है, या सिस्टम में सेंधमारी का नतीजा? सच सामने आना जरूरी है।

“यह सिर्फ एक परीक्षा का परिणाम नहीं, बल्कि लाखों गरीब और ईमानदार छात्रों के भविष्य के साथ हुआ खिलवाड़ है।” राजस्थान सरकार और NTA तुरंत इस सेंटर के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम गठित करे।

— Expose Now (इन्वेस्टिगेटिव सेल)

Share This Article
Leave a Comment