नरेश मीणा की गिरफ्तारी के लिए बारां पुलिस का महा-ऑपरेशन, 3 विशेष टीमों ने बारां से बूंदी तक कई ठिकानों पर मारी दबिश!

बारां: नाहरगढ़ थाना प्रकरण में वांछित आरोपी नरेश मीणा की गिरफ्तारी के लिए बारां पुलिस ने बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। आरोपी की धरपकड़ के लिए बारां और बूंदी जिले में व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बारां एसपी (SP) अभिषेक अंदासु के निर्देशन और एएसपी (ASP) सौरभ तिवारी के नेतृत्व में तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

फार्म हाउस, पेट्रोल पंप और गांवों में पहली व दूसरी टीम की छापेमारी

पुलिस की पहली विशेष टीम ने नयागांव, एक फार्म हाउस और गऊघाट पेट्रोल पंप पर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस टीम में अटरू सीओ (CO) रामानंद यादव, छबड़ा सीआई (CI) राजेश खटाणा, कवाई सीआई राजपाल सिंह के साथ अटरू-मोठपुर थाना पुलिस और जिला क्यूआरटी (QRT) के जवान शामिल रहे।

वहीं, दूसरी विशेष टीम ने गुन्दलाई, सारनखेड़ा और अमलावदा हाली क्षेत्र में संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस टीम की कमान छबड़ा सीओ ताराचंद और छीपाबड़ौद सीआई गंभीर सिंह ने मय जाब्ता संभाली।

बूंदी के केशोरायपाटन में तीसरी टीम सक्रिय

आरोपी की तलाश में बारां पुलिस ने पड़ोसी जिले बूंदी में भी जाल बिछाया है। पुलिस की तीसरी विशेष टीम बूंदी जिले के केशोरायपाटन क्षेत्र में लगातार सक्रिय है। मोठपुर सीआई कमल सिंह और नाहरगढ़ सीआई विवेक हरसाना मय जाब्ता वहां के संभावित स्थानों पर दबिश देकर आरोपी की तलाश में जुटे हुए हैं।

6 थानों की पुलिस मैदान में, सघन चेकिंग जारी

इस पूरे सर्च ऑपरेशन में छबड़ा, कवाई, अटरू, मोठपुर, छीपाबड़ौद और नाहरगढ़ थाना पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से शामिल हैं। बारां और बूंदी जिले के प्रमुख मार्गों व संदिग्ध इलाकों में सघन चेकिंग, दबिश और तलाशी अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वांछित आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment