पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को मिली ऐतिहासिक सफलता में राजस्थान के झुंझुनूं जिले का भी अहम योगदान देखने को मिला है। झुंझुनूं के मुकुंदगढ़ निवासी और पश्चिम बंगाल कैडर के पूर्व आईपीएस (IPS) अधिकारी डॉ. राजेश कुमार सुरोलिया ने जगतदल विधानसभा सीट से लगभग 20,000 मतों के भारी अंतर से जीत दर्ज की है।
टीएमसी की हैट्रिक पर लगाई रोक
जगतदल विधानसभा सीट पर पिछले दो चुनावों से तृणमूल कांग्रेस (TMC) का कब्जा था और वे यहाँ हैट्रिक बनाने की तैयारी में थे। लेकिन डॉ. राजेश कुमार सुरोलिया ने टीएमसी उम्मीदवार सोमनाथ श्याम को हराकर इस सीट पर भगवा परचम लहरा दिया।
1990 बैच के पूर्व आईपीएस रहे हैं डॉ. सुरोलिया
मुकुंदगढ़ में जन्मे, पले-बढ़े और शिक्षा ग्रहण करने वाले डॉ. राजेश कुमार सुरोलिया 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। उन्हें पश्चिम बंगाल कैडर आवंटित हुआ था और वे अपने कार्यकाल के दौरान कोलकाता के पुलिस कमिश्नर के पद पर भी रहे। जनवरी 2026 में वे पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हुए और मात्र तीन महीने बाद ही चुनावी मैदान में उतरकर विधायक चुने गए हैं। उन्हें लंबा प्रशासनिक और पुलिस सेवा का अनुभव है।
परिवार की तीसरी पीढ़ी राजनीति में
डॉ. राजेश कुमार सुरोलिया अपने परिवार की तीसरी पीढ़ी के प्रतिनिधि हैं। इससे पहले उनके परदादा केदारमल सुरोलिया और पिता श्यामसुंदर सुरोलिया मुकुंदगढ़ नगरपालिका के चेयरमैन रह चुके हैं। इस जीत से न केवल पश्चिम बंगाल, बल्कि उनके पैतृक कस्बे मुकुंदगढ़ और पूरे झुंझुनूं में जश्न का माहौल है। चुनाव प्रचार के दौरान उनके प्रशंसक और परिवार के लोग बड़ी संख्या में बंगाल पहुंचे थे।
