JJM घोटाला: मास्टरमाइंड संजय बड़ाया को कोर्ट ने भेजा जेल, ACB की रिमांड बढ़ाने की मांग खारिज

जयपुर | राजस्थान के बहुचर्चित जल जीवन मिशन (JJM) घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जांच के बीच एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। घोटाले के मुख्य आरोपी माने जा रहे संजय बड़ाया को बुधवार को एसीबी कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेज दिया गया है।

कोर्ट की कार्यवाही और रिमांड पर बहस

एसीबी के अधिकारी संजय बड़ाया को सुबह 10:35 बजे लेकर अदालत पहुंचे। ब्यूरो ने पूछताछ में सामने आए नए तथ्यों का हवाला देते हुए बड़ाया की रिमांड अवधि तीन दिन और बढ़ाने की मांग की थी। हालांकि, बचाव पक्ष की दलीलों को सुनने के बाद अदालत ने एसीबी के अनुरोध को खारिज कर दिया और आरोपी को जेल भेजने के आदेश जारी किए। दोपहर करीब 12 बजे बड़ाया को जेल ले जाया गया

मीडिया से बचते दिखे बड़ाया, पत्नी रही साथ

अदालत की कार्यवाही के दौरान संजय बड़ाया की पत्नी उनके साथ मौजूद रहीं और जेल ले जाने तक साथ दिखीं। इस दौरान बड़ाया मीडिया के सवालों से पूरी तरह बचते नजर आए और कैमरों से बचने के लिए अपना चेहरा छिपाते रहे। गिरफ्तारी और घोटाले में संलिप्तता को लेकर पूछे गए किसी भी सवाल का उन्होंने जवाब नहीं दिया

एसीबी की जांच के मुख्य बिंदु

सूत्रों के अनुसार, रिमांड के दौरान एसीबी ने बड़ाया से कई गंभीर पहलुओं पर पूछताछ की है, जिनमें शामिल हैं:

  • कमीशन का लेन-देन: ठेकेदारों और विभाग के बीच पैसों के लेनदेन में मध्यस्थ की भूमिका।
  • नेक्सस और रसूख: पूर्व मंत्री महेश जोशी और सेवानिवृत्त आईएएस सुबोध अग्रवाल के साथ उनके करीबी संबंध और विभागीय कार्यों व ट्रांसफर-पोस्टिंग में दखल।
  • 960 करोड़ का टेंडर घोटाला: जांच में सामने आया कि ‘मैसर्स श्रीगणपति ट्यूबवैल’ और ‘मैसर्स श्रीश्याम ट्यूबवैल’ कंपनी ने इरकॉन (IRCON) के फर्जी कार्यपूर्णता प्रमाण-पत्र लगाकर करीब 960 करोड़ रुपए के टेंडर हासिल किए थे।

गिरफ्तारी का घटनाक्रम

संजय बड़ाया को एसीबी ने रविवार रात करीब 2 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से उस समय गिरफ्तार किया था, जब वह थाईलैंड से भारत लौटे थे। इससे पहले, इसी मामले में पूर्व मंत्री महेश जोशी को 7 मई को गिरफ्तार किया गया था। सोमवार को हुई सुनवाई में कोर्ट ने जोशी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था, जबकि बड़ाया को 13 मई तक एसीबी रिमांड पर सौंपा गया था

Share This Article
Leave a Comment