जयपुर: राजस्थान में एसआई (SI) भर्ती परीक्षा को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जयपुर के चित्रकूट थाना क्षेत्र स्थित चित्रकूट स्टेडियम में चल रहे फिजिकल एग्जाम के दौरान पुलिस ने एक महिला अभ्यर्थी को फर्जी एडमिट कार्ड के साथ हिरासत में लिया है। आरोपी महिला लिखित परीक्षा में असफल होने के बावजूद फर्जी दस्तावेजों के सहारे शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) में शामिल होने पहुँची थी।
कैसे हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा?
डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने जानकारी दी कि शुक्रवार सुबह चित्रकूट स्टेडियम में चयनित अभ्यर्थियों का फिजिकल एग्जाम आयोजित किया जा रहा था। इसी दौरान दस्तावेज सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरीफिकेशन) के वक्त उत्तर प्रदेश निवासी 27 वर्षीय मोहिता के एडमिट कार्ड की जांच की गई।
जांच में सामने आया कि मोहिता के एडमिट कार्ड पर दर्ज रोल नंबर किसी अन्य पुरुष अभ्यर्थी का है, जिसका फिजिकल पहले ही 5 अगस्त को उदयपुर में हो चुका था। जबकि असलियत यह थी कि मोहिता खुद लिखित परीक्षा में फेल हो चुकी थी। पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि उसने साइबर कैफे से चयनित अभ्यर्थियों की सूची प्राप्त कर एक रोल नंबर चुराया और उसमें हेराफेरी कर फर्जी एडमिट कार्ड तैयार कर लिया था।
परिवार से छिपाया था सच, रिश्तेदारों के डर से पहुंची थी मैदान
पुलिस पूछताछ में यह भी बात सामने आई कि मोहिता जयपुर के चित्रकूट नगर में रहकर एसआई भर्ती की तैयारी कर रही थी। लिखित परीक्षा में फेल होने की बात उसने अपने परिवार को नहीं बताई थी और खुद को सफल बताती रही। रिश्तेदारों और परिजनों को शक न हो, इसलिए वह रोज चित्रकूट स्टेडियम में दौड़ लगाने भी जाती थी।
परिजनों को भ्रमित करने के लिए ही वह फर्जी एडमिट कार्ड लेकर फिजिकल देने पहुँची थी, और हैरानी की बात यह है कि उसे एग्जाम सेंटर तक छोड़ने उसके चाचा आए थे। फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार करने का मामला दर्ज कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
