जयपुर। राजधानी जयपुर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक सांगानेर को जल्द ही ट्रैफिक जाम के झमेले से आजादी मिलने वाली है। भजनलाल सरकार के महत्वाकांक्षी सांगानेर एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट को लेकर जेडीए (JDA) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। नई टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब इसी महीने वर्कऑर्डर जारी होने की संभावना है, जिसके बाद होली के तुरंत बाद धरातल पर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
9 मिनट में तय होगा सांगानेर का सफर
इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद सांगानेर क्षेत्र की 4.5 किलोमीटर की दूरी को तय करने में मात्र 9 मिनट का समय लगेगा। वर्तमान में इस रूट पर भारी ट्रैफिक और संकरी सड़कों के कारण वाहन चालकों को आधा घंटा या उससे अधिक समय लग जाता है। यह एलिवेटेड रोड सांगासेतू पुलिया से शुरू होकर चौरड़िया पेट्रोल पंप तक बनाया जाएगा।
बजट घोषणा से धरातल तक का सफर
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पिछले साल के बजट में इस प्रोजेक्ट की घोषणा की थी। सांगानेर क्षेत्र के निवासियों के लिए यह प्रोजेक्ट किसी वरदान से कम नहीं है, क्योंकि यह इलाका लंबे समय से अनियंत्रित ट्रैफिक की समस्या से जूझ रहा है।
अतिक्रमण पर प्रहार: 125 निर्माणों पर मंडराया संकट
प्रोजेक्ट की राह में सबसे बड़ी चुनौती मौजूदा सड़क की चौड़ाई है। जेडीए के सर्वे विभाग ने सांगासेतू पुलिया से चौरड़िया पेट्रोल पंप तक के हिस्से में व्यापक डिमार्केशन (सीमांकन) किया है। इस जांच में सामने आया है कि करीब 125 से अधिक पक्के और कच्चे निर्माण (मकान और दुकानें) सड़क सीमा की जद में आ रहे हैं। जेडीए जल्द ही इन संपत्ति स्वामियों को ध्वस्तीकरण के नोटिस जारी करेगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि निर्माण कार्य शुरू होने से पहले सड़क के दोनों ओर पर्याप्त जगह उपलब्ध हो, ताकि एलिवेटेड रोड के पिलर खड़े करते समय नीचे का ट्रैफिक पूरी तरह ठप न हो।
