जीरो टॉलरेंस’ नीति: डिग्गी रोड पर हिस्ट्रीशीटर की 200 वर्ग गज की अवैध संपत्ति जमींदोज

जयपुर: पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) कार्यालय, जयपुर द्वारा एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मुहाना थाना क्षेत्र में एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर की करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति को ध्वस्त कर दिया गया है। जयपुर पुलिस (दक्षिण) और जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की संयुक्त टीम ने इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

करोड़ों की संपत्ति पर चला बुलडोजर

पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज (IPS) के निर्देशन में बुधवार, 27 मई 2026 को मुहाना थाना क्षेत्र के डिग्गी रोड पर स्थित बेशकीमती सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया । यह अवैध संपत्ति कुख्यात हिस्ट्रीशीटर शंकर पुत्र गोपी (गाड़िया लुहार) की थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह अवैध निर्माण लगभग 200 वर्ग गज क्षेत्र में फैला हुआ था।

12-13 वर्षों से था अवैध कब्जा

आरोपी शंकर लुहार (निवासी झुग्गी झोपड़ी मुहाना मोड़ के पास) ने पिछले 12-13 वर्षों से इस सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था और वहां पक्का निर्माण कर निवास कर रहा था। इस कब्जे के कारण स्टेट हाईवे पर यातायात भी बाधित होता था, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। आस-पास के लोगों द्वारा विरोध करने पर अपराधी उन्हें डरा-धमकाकर भय का माहौल पैदा करता था, जिससे लोग खुलकर सामने नहीं आ पाते थे।

अपराधी का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड

हिस्ट्रीशीटर शंकर लुहार नकबजनी, चोरी और मारपीट करने का आदी है । उसके खिलाफ पुलिस थाना मुहाना में वर्ष 2015 से लेकर अब तक कुल 11 आपराधिक मामले (धारा 457, 380, 323, 341, 34 IPC आदि के तहत) दर्ज हैं । इसके अतिरिक्त, 151/110 सीआरपीसी और 129 बीएनएसएस के तहत करीब 7 इस्तगासे न्यायालय में पेश किए जा चुके हैं।

‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत हुई कार्रवाई

पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार हार्डकोर और हिस्ट्रीशीटर अपराधियों द्वारा अपराध से अर्जित संपत्ति के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है। इस विशेष अभियान के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण ललित कुमार शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त (मानसरोवर) आदित्य काकड़े के सुपरविजन में, थाना मुहाना के पुलिस निरीक्षक गुरभुपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस और जेडीए की टीम ने आपसी समन्वय से इस अतिक्रमण को हटाकर जमीन को मुक्त करवाया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों की अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर ध्वस्त करने की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Share This Article
Leave a Comment