महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल: जयपुर के संजय सर्किल पर उमड़ा जन-सैलाब

Rakhi Singh
2 Min Read

जयपुर। राजधानी जयपुर में बढ़ती महंगाई और रसोई गैस (LPG) के दामों में हो रही बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ शुक्रवार को कांग्रेस ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में संजय सर्किल पर आयोजित इस विशाल धरने का नेतृत्व शहर अध्यक्ष सुनील शर्मा ने किया। प्रदर्शन में न केवल हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए, बल्कि आम नागरिकों ने भी महंगाई के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।

जनविरोधी नीतियों पर तीखा प्रहार:

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास और अन्य कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि रसोई गैस की कीमतों और कॉमर्शियल सिलेंडर की कृत्रिम कमी ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। नेताओं ने कहा कि गृहणियों का बजट बिगड़ चुका है और छोटे रेस्टोरेंट संचालक व स्टार्टअप्स बंद होने की कगार पर पहुँच गए हैं।

सड़क से सदन तक संघर्ष की चेतावनी:

विधायक रफीक खान, अमीन कागजी और अन्य दिग्गज नेताओं ने मंच से चेतावनी दी कि यदि सरकार ने महंगाई पर तुरंत अंकुश नहीं लगाया और गैस आपूर्ति सामान्य नहीं की, तो यह आंदोलन केवल सड़कों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सदन में भी सरकार को घेरा जाएगा। शहर अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि यह तो केवल शुरुआत है, आने वाले दिनों में संघर्ष और भी उग्र होगा।

इस विशाल प्रदर्शन में आर.आर. तिवाड़ी, विक्रम सिंह शेखावत (विक्सा), गंगा देवी, अर्चना शर्मा और मंजू शर्मा सहित शहर के विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारी और पार्षद मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *