‘चौराहे पर कूटूंगा… मर जाएगा तो कोई बात नहीं’, जज के घर के बाहर विधायक बालमुकुंद आचार्य के हंगामे पर कोर्ट के आदेश से मुकदमा दर्ज

जयपुर: राजधानी के हवामहल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जयपुर के गलतागेट थाने में बुधवार को कोर्ट के आदेश पर विधायक के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है। विधायक पर एक न्यायिक अधिकारी (सेशन जज) के घर के बाहर समर्थकों के साथ पहुंचकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने, मकान बेचकर इलाका छोड़ने का दबाव बनाने और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का गंभीर आरोप है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सेशन जज को मकान बेचकर जाने का दबाव बनाने का आरोप

गलतागेट थाना पुलिस के अनुसार, यह रिपोर्ट ईदगाह की वन विहार कॉलोनी निवासी मोहम्मद याकूब खान ने दर्ज करवाई है। याकूब खान राजस्थान हाईकोर्ट में एडवोकेट हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि उनके ताऊजी के बेटे मोहम्मद आरिफ सेशन जज कैडर के न्यायिक अधिकारी हैं और वर्तमान में जयपुर से बाहर पदस्थापित हैं। मोहम्मद आरिफ ने 31 जुलाई 2025 को बास बदनपुरा की मीणा कॉलोनी में एक मकान खरीदा था।

शिकायत के मुताबिक, 10 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 11:30 बजे विधायक बालमुकुंद आचार्य अपने समर्थकों के साथ जज के घर के बाहर पहुंच गए। आरोप है कि वहां उन्होंने पलायन की बात करते हुए बेहद अभद्र और धमकी भरी भाषा का प्रयोग किया तथा मकान बेचकर उनके क्षेत्र से बाहर चले जाने का दबाव बनाया।

“चौराहे पर कूटूंगा…”— वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया शेयर

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि विधायक ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा कि, “नहीं आया…, चौराहे पर कूटूंगा आज। वीडियो और बनाऊंगा। कोई बात नहीं मर जाएगा…। मेरा कहना नहीं मानेगा, उस आदमी का यही हाल होगा।”

परिवादी का आरोप है कि विधायक नहीं चाहते कि उस क्षेत्र में किसी दूसरे धर्म का व्यक्ति आकर मकान खरीदे या उसकी मरम्मत करवाए। वे चाहते हैं कि सेशन जज मोहम्मद आरिफ वहां से मकान बेचकर सी-स्कीम या वैशाली नगर जैसे इलाकों में चले जाएं। घटना के दौरान विधायक की ओर से वीडियो बनवाया गया, जिसमें बार-बार कैमरे को मकान की दीवार पर लिखे नाम की तरफ घुमाकर धमकी दी गई। यह वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था, जिसे कुछ समय बाद हटा दिया गया, लेकिन इसकी क्लिप्स अब भी वायरल हो रही हैं। इस घटना के बाद पीड़ित और उनके परिवार ने विधायक व उनके समर्थकों से हमले की आशंका जताई है।

मकान में हुई दो चोरियों के पीछे भी साजिश का अंदेशा

शिकायत में यह भी खुलासा किया गया है कि जज मोहम्मद आरिफ के इस मकान में दो बार चोरी की वारदात हो चुकी है। दोनों ही बार गलतागेट थाने में शिकायत दी गई, लेकिन पुलिस को दोनों चोरियों की रिपोर्ट दर्ज करने में एक-एक महीने का समय लग गया और इनकी जांच अब भी पेंडिंग है। परिवादी का आरोप है कि दोनों चोरियों का तरीका बताता है कि यह सामान्य चोरी नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश के तहत करवाई गई वारदात है, ताकि दबाव में आकर मोहम्मद आरिफ मकान बेचकर कहीं और चले जाएं।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment